गांव डबवाली से गूंजा नशा मुक्त समाज का संकल्प, संध्या संवाद में पुलिस-जनता ने मिलकर बनाई नई रणनीति।।
गांव डबवाली से गूंजा नशा मुक्त समाज का संकल्प, संध्या संवाद में पुलिस-जनता ने मिलकर बनाई नई रणनीति।।

डबवाली-(पंकज गुदारा):- पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर (आईपीएस) के निर्देशन में गांव डबवाली में संध्या संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री योगेश कटारिया ने मुख्य रूप से उपस्थित होकर ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों के साथ संवाद स्थापित किया तथा नशा उन्मूलन, सामाजिक सहभागिता और सुरक्षित समाज के निर्माण को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर थाना शहर डबवाली के प्रभारी निरीक्षक अवतार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। डीएसपी मुख्यालय श्री योगेश कटारिया ने कहा कि नशा केवल कानून-व्यवस्था की समस्या नहीं, बल्कि पूरे समाज के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है। डबवाली पुलिस नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार कठोर कार्रवाई कर रही है, लेकिन इस अभियान में पूर्ण सफलता तभी संभव है, जब समाज का प्रत्येक नागरिक इसमें सहभागी बने। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करें। कार्यक्रम के दौरान गांव के गणमान्य व्यक्तियों, महिलाओं एवं युवाओं ने भी अपने विचार एवं सुझाव साझा किए तथा नशे के खिलाफ सामूहिक रूप से लड़ने का संकल्प लिया। संवाद के माध्यम से ग्रामीणों ने सामाजिक समस्याओं एवं गांव की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी खुलकर चर्चा की। डीएसपी योगेश कटारिया ने गांव के सरपंच एवं पंचायती प्रतिनिधियों से गांव स्तर पर “नशा मुक्ति समिति” गठित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पंचायत, युवाओं, महिला समूहों, सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य नागरिकों के सहयोग से नियमित जनजागरूकता अभियान चलाकर नशे के खिलाफ प्रभावी वातावरण तैयार किया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से विशेष अपील करते हुए कहा कि नशा करने वाले व्यक्तियों, नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों अथवा नशीले पदार्थ बेचने वाले व्यक्तियों की जानकारी गोपनीय रूप से पुलिस को दें। प्राप्त सूचनाओं का सत्यापन कर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों को मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 1933, डबवाली पुलिस के मोबाइल नंबर 9138999748 अथवा नजदीकी थाना-चौकी के माध्यम से किसी भी प्रकार की नशा तस्करी या ऐसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने के लिए प्रेरित किया। युवाओं को संबोधित करते हुए डीएसपी ने उन्हें खेल, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का संदेश दिया। साथ ही अभिभावकों से अपने बच्चों की दिनचर्या, संगति एवं गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने तथा उनके साथ नियमित संवाद बनाए रखने की अपील की।उन्होंने साइबर अपराधों के प्रति भी लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या संदेश पर भरोसा न करें तथा ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाएं।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी नागरिकों ने नशे के विरुद्ध जागरूक रहने, पुलिस प्रशासन का सहयोग करने तथा अपने गांव को नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत, गणमान्य नागरिक, महिलाएं, युवा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।। #Newstodayhry @Newstodayhry




