6 लाख का वॉलीबॉल ग्राउंड अधूरा, ओपन जिम गायब! DC से जांच की मांग ll
6 लाख का वॉलीबॉल ग्राउंड अधूरा, ओपन जिम गायब! DC से जांच की मांग ll

ओढ़ा (अशोक गर्ग):-पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पन्नीवाला मोट्टा में लगभग 6 लाख रुपये की लागत से वॉलीबॉल ग्राउंड के निर्माण हेतु लगभग दो वर्ष पूर्व राशि स्वीकृत हुई थी। लेकिन संबंधित वन विभाग से आवश्यक अनुमति लिए बिना निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। यह आरोप पंचायत समिति पन्नीवाला मोटा की सदस्य रेखा रानी ने लगाते हुए उपायुक्त सिरसा को लिखित में दिए।
रेखा रानी ने बताया कि निर्माण के दौरान बीच में पेड़-पौधे होने के कारण कार्य रोक दिया गया और आज तक ग्राउंड अधूरा पड़ा है। इसके अलावा एक अन्य शिकायत में कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पन्नीवाला मोटा के ओपन जिम को पुनः स्थापित करके दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए। रेखा रानी ने बताया कि विद्यालय के खेल मैदान में लगभग दो वर्ष पूर्व एक ओपन जिम स्थापित किया गया था। कुछ समय पहले गांव के ही नर्सरी कोच द्वारा जिम को मरम्मत कराने के नाम पर वहां से हटाया गया। आज लगभग ढाई महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन जिम को दोबारा विद्यालय में स्थापित नहीं किया गया है। इस संबंध में कई बार पूछने पर अलग-अलग जवाब दिए गए, यहां तक कि यह भी कहा गया कि जिम बेच दिया गया है। यदि ऐसा है तो इसकी निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए कि जिम किसे और किस अधिकार से बेचा गया। @newstodayhry #newstodayhry
यदि जिम मरम्मत के लिए ले जाया गया था, तो उसे अब तक वापस क्यों नहीं लगाया गया. रेखा रानी ने उपायुक्त महोदय से अनुरोध किया कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष एवं शीघ्र जांच करवाई जाए। विद्यालय में ओपन जिम को तत्काल पुनः स्थापित करवाया जाए तथा जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए उसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस सम्बंध में विद्यालय के प्राचार्य मंजीत कुमार ने कहा कि विद्यालय में जो खेल का ग्राउंड निर्माणाधीन है उसका मामला वन विभाग को भेजा हुआ है तथा इस पर माननीय उच्च न्यायालय द्वारा अस्थाई रोक लगाई हुई है। जैसे ही उक्त मामले पर कोई निर्णय आता है कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। जहां तक खेल के जिम के सामान की बात है उसको लगाने की किसी प्रकार की सूचना विद्यालय प्रशासन के पास नहीं है।@newstodayhry #newstodayhry




