“नशे के खिलाफ गांवों ने लिया संकल्प, हिसार पुलिस ने बढ़ाया उपचार और विश्वास का हाथ : एसपी सिद्धान्त जैन।।
"नशे के खिलाफ गांवों ने लिया संकल्प, हिसार पुलिस ने बढ़ाया उपचार और विश्वास का हाथ : एसपी सिद्धान्त जैन।।

हिसार-(अमित कुमार ):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के नेतृत्व में जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नशा मुक्ति टीम हिसार द्वारा थाना आजाद नगर क्षेत्र के गांव ढाया, रावतखेड़ा, चिड़ोद तथा मंगाली पंचायत (मंगाली मोहब्बत एवं मंगाली सुरतिया) में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्रामीणों, सरपंचों, नशा पीड़ितों एवं उनके परिवारों से सीधे संवाद स्थापित कर नशे के विरुद्ध सामाजिक भागीदारी को मजबूत करने का प्रयास किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने बताया कि नशे की समस्या का समाधान केवल कानूनी कार्रवाई से संभव नहीं है, बल्कि समाज, परिवार और प्रशासन के सामूहिक प्रयास से ही युवाओं को इस दलदल से बाहर निकाला जा सकता है। इसी उद्देश्य से हिसार पुलिस गांव-गांव पहुंचकर लोगों को न केवल जागरूक कर रही है, बल्कि नशा पीड़ितों का उपचार, परामर्श और पुनर्वास भी सुनिश्चित कर रही है। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने गांवों के सरपंचों एवं गणमान्य व्यक्तियों से बैठक कर नशा तस्करों के संबंध में जानकारी जुटाई तथा ग्रामीणों से अपील की कि वे नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की सूचना बिना किसी भय के पुलिस को दें। लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया। अभियान के दौरान 01 नए नशा पीड़ित की पहचान की गई। वहीं 02 नशा पीड़ितों को नागरिक अस्पताल हिसार से एलोपैथिक एवं आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। इसके अतिरिक्त 08 नशा पीड़ितों के घर जाकर पहली बार आयुर्वेदिक दवा पहुंचाई गई, जबकि 05 अन्य नशा पीड़ितों को सरकारी नशा मुक्ति केंद्र से दूसरी बार दवा दिलवाई गई। इस प्रकार कुल 15 नशा पीड़ितों का उपचार, काउंसलिंग, आवश्यक ब्लड टेस्ट तथा दवा वितरण सुनिश्चित किया गया। श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि हिसार पुलिस का उद्देश्य केवल नशा तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को उपचार एवं परामर्श के माध्यम से समाज की मुख्यधारा में वापस लाना भी है। पुलिस प्रत्येक ऐसे व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास कर रही है जिसे सहायता और मार्गदर्शन की आवश्यकता है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि “नशा मुक्त समाज का सपना तभी साकार होगा जब प्रत्येक नागरिक इसकी जिम्मेदारी अपने स्तर पर निभाएगा। यदि आपके आसपास कोई युवक नशे की चपेट में है तो उसे छिपाने के बजाय उपचार के लिए प्रेरित करें तथा नशा तस्करों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। आपकी एक सूचना किसी परिवार का भविष्य बचा सकती है। हिसार पुलिस का यह अभियान कानून के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी मजबूती प्रदान कर रहा है, जिससे जिले में “नशा मुक्त हिसार” के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।। #Newstodayhry @Newstodayhry




