नशा मुक्त हिसार की ओर बड़ा कदम, 16 नशा पीड़ितों तक पहुंची हिसार पुलिस ll
नशा मुक्त हिसार की ओर बड़ा कदम, 16 नशा पीड़ितों तक पहुंची हिसार पुलिस ll

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जिला हिसार में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नशा मुक्ति पुलिस टीम हिसार द्वारा थाना आदमपुर क्षेत्र के गांव चूली बागड़ियां, चूली खुर्द, चूली कला एवं सदलपुर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान नशा मुक्ति टीम ने संबंधित गांवों के सरपंचों, गणमान्य नागरिकों, ग्रामीणों, नशा पीड़ितों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। टीम ने नशा पीड़ितों को नियमित उपचार लेने तथा सरकारी नशा मुक्ति केंद्र से दवाइयां प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही ग्रामीणों से नशा तस्करों के संबंध में गोपनीय सूचनाएं साझा करने की अपील भी की गई।
पुलिस टीम ने लोगों को बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक स्थिति, सामाजिक जीवन एवं आर्थिक स्थिति को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे तथा दूसरों को भी इस बुराई से बचाने में सहयोग करे।
अभियान के दौरान 02 नए नशा पीड़ितों की पहचान कर उन्हें नागरिक अस्पताल हिसार से एलोपैथिक एवं आयुर्वेदिक उपचार उपलब्ध करवाया गया। इसके अतिरिक्त 08 नशा पीड़ितों को पहली बार उनके घर जाकर आयुर्वेदिक दवा उपलब्ध करवाई गई, जबकि 07 नशा पीड़ितों को नागरिक अस्पताल के नशा मुक्ति केंद्र से दूसरी बार दवा दिलवाई गई। इस प्रकार कुल 16 नशा पीड़ितों को घर-घर जाकर आयुर्वेदिक एवं सरकारी अस्पताल से एलोपैथिक दवा उपलब्ध करवाने के साथ-साथ आवश्यक ब्लड टेस्ट एवं काउंसलिंग भी करवाई गई।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि “नशा मुक्त समाज का निर्माण केवल पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें आमजन की सक्रिय भागीदारी भी अत्यंत आवश्यक है। यदि आपके आसपास कोई व्यक्ति नशे की लत से पीड़ित है तो उसे उपचार दिलाने में सहयोग करें तथा यदि किसी नशा तस्कर की जानकारी हो तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। आपकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। आइए, मिलकर हिसार को नशा मुक्त जिला बनाने में अपना योगदान दें ताकि हमारा युवा वर्ग सुरक्षित, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर हो सके। @newstodayhry #newstodayhry




