डीपफेक कॉल से रहें सावधान :-एसपी सिद्धान्त जैन
डीपफेक कॉल से रहें सावधान :-एसपी सिद्धान्त जैन

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन ने आमजन को AI Voice एवं Deepfake Scam से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि साइबर अपराधी अब कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence) का दुरुपयोग कर लोगों की आवाज़ की हूबहू नकल तैयार कर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे मामलों में घबराने के बजाय पूरी सतर्कता बरतना आवश्यक है।
एसपी सिद्धान्त जैन ने बताया कि साइबर ठग सोशल मीडिया, वीडियो या ऑडियो क्लिप से किसी व्यक्ति की आवाज़ लेकर AI तकनीक की मदद से उसकी बिल्कुल मिलती-जुलती आवाज़ तैयार कर लेते हैं। इसके बाद वे परिजन, मित्र, अधिकारी या परिचित बनकर फोन करते हैं और किसी दुर्घटना, अस्पताल, पुलिस कार्रवाई या अन्य आपात स्थिति का बहाना बनाकर तुरंत पैसे भेजने का दबाव बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि कई मामलों में अपराधी स्वयं को किसी वरिष्ठ अधिकारी, सरकारी कर्मचारी या रिश्तेदार के रूप में प्रस्तुत कर भावनात्मक दबाव बनाते हैं, जिससे लोग बिना सत्यापन किए ही पैसे ट्रांसफर कर देते हैं।
एसपी सिद्धान्त जैन ने आमजन को निम्नलिखित सावधानियां बरतने की सलाह दी है:
• किसी भी फोन कॉल पर केवल आवाज़ सुनकर पैसे ट्रांसफर न करें।
• यदि कोई परिचित या रिश्तेदार पैसे मांगता है तो पहले उसके पुराने मोबाइल नंबर पर स्वयं कॉल कर सत्यता की पुष्टि करें।
• वीडियो कॉल या किसी विश्वसनीय माध्यम से व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित करें।
• किसी भी प्रकार की जल्दबाजी, डर या भावनात्मक दबाव में आर्थिक लेन-देन न करें।
• सोशल मीडिया पर अपनी निजी ऑडियो एवं वीडियो सामग्री अनावश्यक रूप से सार्वजनिक करने से बचें।
• बैंक खाते, ओटीपी, यूपीआई पिन अथवा अन्य गोपनीय वित्तीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को इस प्रकार की संदिग्ध कॉल, ऑडियो संदेश या वीडियो प्राप्त होता है तो वह तत्काल उसकी सत्यता की जांच करे और किसी भी प्रकार का भुगतान न करे। ऐसी घटना की सूचना तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी गई राशि को रोकने या वापस दिलाने की संभावना बढ़ जाती है।
उन्होंने कहा कि हिसार पुलिस साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है, लेकिन साइबर सुरक्षा की सबसे मजबूत कड़ी स्वयं नागरिकों की जागरूकता और सतर्कता है। आमजन सतर्क रहें, अफवाहों और भावनात्मक दबाव में न आएं तथा किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। @newstodayhry #newstodayhry




