शिव की भस्म में छिपा है जीवन का सत्य:-स्वामी रमेश साहुवाला
शिव की भस्म में छिपा है जीवन का सत्य:-स्वामी रमेश साहुवाला

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-भगवान शिव कोई साधारण देव नहीं हैं बल्कि योगियों के भी आदियोगी हैं और उनके शरीर पर लगी भस्म सिर्फ राख नही बल्कि एक दर्शन है जो जीवन के सत्य को उजागर करती है तथा भगवान शिव हमें अपने शरीर पर भस्म लगाकर सिखाते है कि यह शरीर, धन, पद और प्रतिष्ठा सब कुछ एक दिन भस्म हो जाना है। इसलिए जो इस सत्य को जान लेता है वही सच्चा योगी बनता है। ये शब्द लायन्स क्लब सिरसा अमर के संस्थापक अध्यक्षक स्वामी रमेश साहुवाला ने स्थानीय कंगनपुर रोड़ पर सावन मास पर भक्तों को संबोधित करते हुए कहे।
श्री साहुवाला ने कहा भगवान शिव का भस्म धारण करना इस बात का संकेत है कि माया से परे होकर, सत्य की ओर बढ़ना ही असली साधना है जो हमे अहंकार छोड़कर विनम्र होने की प्रेरणा देते है। उन्होंने कहा भगवान शिव भस्म लगााकर हमे यह सिखाते है कि जिसे दुनिया त्याग देती है, मैं उसे अपनाता हूँ तथा उसे आश्रय देता हूँ। उन्होंने कहा भस्म शरीर को शुद्ध करती है और पापो को जलाकर हमें मुक्त करती है तथा यह भगवान शिव का आभूषण है और यह ध्यान, साधना, समाधि, उपासना, पूजा में सहायक है। उन्होने कहा भगवान शिव का भस्म लगाना सिर्फ यह साधारण परम्परा नहीं बल्कि जीवन और मृत्यु के बीच स्थित एक गहण संदेश हैं कि जब सब कुछ नष्ट हो जाता है तब भी आत्मा अजर-अमर रहती हैं। उन्होंने कहा शिव स्वयं शमशानवासी है-जहाँ जीवन और मृत्यु का भेद समाप्त हो जाता है तथा भस्म वहाँ की साक्षात पहचान है यही कारण है कि भगवान शिव को महाकाल भी कहा जाता है। उन्होंने कहा जिस पर भगवान भोलेनाथ की कृपा होती है उसकी परीक्षा कठिन जरूर होती हैं, परंतु अंत हमेशा सर्वश्रेष्ठ होता है और उसकी हर मनोकामना पूरी होती है। श्री साहुवाला ने कहा कि सावन महीना सिर्फ पूजा का महीना नहीं हैं। ये हमें संयम, सेवा, प्रकृति से प्रेम और भक्ति का पाठ पढ़ाता है। शिव पूजा से इंसान को शांति, शक्ति और संतुलन तीनों मिलते हैं। इसलिए सावन को भक्ति और प्रकृति का संगम कहा जाता हैं।
उन्होंने कहा कि सावन महीने में पेड़-पौधों की पूजा, चारो तरफ हरियाली जिससे लोग प्रकृति से जुड़ते हैं तथा जरूरतमंदों को भोजन एवं वस्त्र दान करके पुण्य के भागी बनते हैं। उन्होंने सभी भक्तों के साथ मिलकर हाथ जोड़कर भगवान भोले नाथ से प्रार्थना की। सभी को सुख-शांति, धन-सम्पदा, वैभव प्रदान करें तथा सभी को बुद्धि प्रदान करें ताकि देश व प्रदेश में जो अपराध बढ़ रहें है वो ना हों तथा सभी खुशहाल हों। इस अवसर पर भावना, पायल, नीलम, पारूल, रीना, संदीप, विजय, पवन, रविद्र, वासु, रमेश सिंगला उपस्थित थे। @newstodayhry #newstodayhry




