Haryana
Trending

लोक संस्कृति के रंगों से सजा खंड स्तरीय कल्चर फेस्ट-2026 ll

लोक संस्कृति के रंगों से सजा खंड स्तरीय कल्चर फेस्ट-2026 ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-हरियाणा विद्यालय शिक्षा विभाग की ओर से हेरिटेज, कल्चरल एंड एथिकल वैल्यूज आॅफ हरियाणा एंड एनवायरनमेंट थीम पर आधारित खंड स्तरीय कल्चर फेस्ट-2026 का आयोजन राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मेला ग्राउंड सिरसा में उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार, विद्यालय की प्रधानाचार्या परमजीत कौर, नोडल अधिकारी सुनील कुमार, सह-नोडल अधिकारी कामिनी नागपाल, अनिल भाटिया तथा निर्णायक मंडल के सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में ब्लॉक के विभिन्न राजकीय विद्यालयों से आए 250 से अधिक विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं का आयोजन कक्षा 5वीं से 8वीं तथा कक्षा 9वीं से 12वीं के दो वर्गों में किया गया। इस दौरान सोलो फोल्क डांस, ग्रुप डांस, सोलो रागिनी तथा जूनियर एवं सीनियर वर्ग की स्कीट प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। प्रतिभागियों ने हरियाणा की लोक संस्कृति, लोक परंपराओं, सामाजिक मूल्यों, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता, वृक्षारोपण तथा सामाजिक समरसता जैसे विषयों को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया। रंग-बिरंगी वेशभूषा, लोक संगीत और अभिनय ने पूरे वातावरण को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार ने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण की मजबूत नींव हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना तथा अपनी संस्कृति के प्रति गर्व की भावना विकसित होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए जिला एवं राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता के परिणामों में राजकीय संस्कृति मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सिरसा ने सोलो रागिनी एवं सोलो फोल्क डांस प्रतियोगिता के दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। जूनियर एवं सीनियर ग्रुप डांस प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पतली डाबर ने प्रथम स्थान हासिल किया। जूनियर ग्रुप स्किट में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पनिहारी तथा सीनियर ग्रुप स्किट में एस.एन.एस. राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भावदीन विजेता रहे। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अब जिला स्तरीय कल्चर फेस्ट-2026 में सिरसा ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे। विद्यालय की प्रधानाचार्या परमजीत कौर एवं अनिल भाटिया ने विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता के निष्पक्ष एवं सफल संचालन में निर्णायक मंडल के सदस्य हिमांशु सैनी (संगीत अध्यापक), रोज दुआ (कोरियोग्राफर), नमिता कंबोज (राजनीति विज्ञान अध्यापिका), विक्रम कुमार (संगीत अनुदेशक) तथा सागर राजोरिया (संगीत कम्पोजर) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नोडल अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि इस प्रकार के सांस्कृतिक मंच विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि मंच पर प्रदर्शन करने से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और यही बच्चे आगे चलकर कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में नई पहचान बनाते हैं। इस अवसर पर चारु, मोनिका, संतोष, मीनाक्षी, मनवीर, महावीर, सुनील सुख सेवक, सुरेश नैन सहित अनेक शिक्षकों एवं अधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम का समापन विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करने, उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करने तथा आगामी जिला स्तरीय कल्चर फेस्ट-2026 के लिए शुभकामनाएं देने के साथ हुआ। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button