Haryana
Trending

आर्थिक अपराधों पर सख्त हुए एसपी सिद्धांत जैन, लंबित मामलों के जल्द निस्तारण के दिए निर्देश ll

आर्थिक अपराधों पर सख्त हुए एसपी सिद्धांत जैन, लंबित मामलों के जल्द निस्तारण के दिए निर्देश ll

हिसार-(अमित कुमार):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस ने आज अपने कार्यालय में आर्थिक अपराध शाखा (Economic Offences Wing) के कार्यों की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में प्रभारी आर्थिक अपराध शाखा, प्रभारी शिकायत शाखा, आर्थिक अपराध शाखा के सभी अनुसंधान अधिकारी (Investigating Officers) उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने आर्थिक अपराध शाखा में दर्ज अभियोगों एवं प्राप्त शिकायतों की एक-एक कर विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक मामले की जांच की प्रगति, लंबित मामलों के कारणों तथा जांच की गुणवत्ता का गहन अवलोकन करते हुए संबंधित अनुसंधान अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन ने निर्देश दिए कि आर्थिक अपराधों से संबंधित सभी शिकायतों एवं अभियोगों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी मामले में अनावश्यक विलंब न हो तथा प्रत्येक शिकायतकर्ता को कानून के अनुरूप न्याय दिलाने के लिए गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए।उन्होंने अनुसंधान अधिकारियों को निर्देशित किया कि जांच के दौरान दस्तावेजी एवं डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक ढंग से विश्लेषण किया जाए तथा प्रत्येक मामले की जांच तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर पूरी गुणवत्ता के साथ संपन्न की जाए। जिन मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी या धनराशि की बरामदगी की संभावना है, उनमें प्रभावी कानूनी कार्रवाई करते हुए त्वरित परिणाम सुनिश्चित किए जाएं। एसपी ने कहा कि आर्थिक अपराध आम नागरिकों की मेहनत की कमाई से जुड़े होते हैं, इसलिए ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जांच अधिकारी प्रत्येक मामले की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा पीड़ित पक्ष के साथ समुचित संवाद बनाए रखें, ताकि उन्हें जांच की प्रगति की जानकारी समय-समय पर मिलती रहे। बैठक में शिकायतों के शीघ्र निस्तारण, लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने, वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी, धोखाधड़ी से संबंधित मामलों में ठगी गई राशि की अधिकतम रिकवरी तथा अनुसंधान की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन ने कहा कि हिसार पुलिस आर्थिक अपराधों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर कार्य कर रही है। आमजन के साथ धोखाधड़ी, गबन, विश्वासघात एवं अन्य आर्थिक अपराध करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले की नियमित समीक्षा करते हुए समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके और आमजन का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास और अधिक मजबूत हो। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button