आजाद नगर पुलिस ने तीन आरोपी गिरफ्तार कर छीने गए तीन मोबाइल फोन किए बरामद ll
आजाद नगर पुलिस ने तीन आरोपी गिरफ्तार कर छीने गए तीन मोबाइल फोन किए बरामद ll

हिसार -(अमित कुमार ) पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना आजाद नगर पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस ने ऑनलाइन सोशल नेटवर्किंग ऐप के माध्यम से युवक को झांसे में लेकर उसके साथ मारपीट, ब्लैकमेल एवं लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छीने गए तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन ने बताया कि काशीराम पुत्र इंद्र सिंह, निवासी गांव शेरड़ा, तहसील भादरा, जिला हनुमानगढ़ (राजस्थान) की शिकायत पर थाना आजाद नगर में मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि एक ऑनलाइन सोशल नेटवर्किंग ऐप के माध्यम से संपर्क होने के बाद उसे चौधरीवास गौशाला मोड़ के पास मिलने के लिए बुलाया गया। वहां एक आरोपी उसे सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसके अन्य साथियों ने उसके साथ मारपीट की तथा उसका मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल की चाबी और नकदी छीन ली। आरोपियों ने शिकायतकर्ता की अश्लील वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी तथा उससे एक लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। इसके बाद भी आरोपी लगातार फोन कर उसे धमकियां देते रहे। मामले की जांच के दौरान थाना आजाद नगर के उप निरीक्षक सुभाष चंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभय पुत्र बलवंत, मांगे राम उर्फ ककर पुत्र जगदीश तथा राहुल उर्फ बच्ची पुत्र रंगलाल, निवासी गांव बड़वा, जिला भिवानी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में छीने गए तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस ने कहा कि ऑनलाइन सोशल नेटवर्किंग या डेटिंग प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतें। किसी भी अनजान व्यक्ति से सुनसान स्थान पर मिलने से बचें तथा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति ब्लैकमेलिंग, रंगदारी या ऑनलाइन माध्यम से किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना का शिकार होता है तो बिना घबराए तुरंत पुलिस को सूचना दें। हिसार पुलिस ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। @newstodayhry #newstodayhry




