Haryana
Trending

डबवाली पुलिस की साइबर जागरूकता मुहिम, ठगी से बचाव के बताए प्रभावी उपाय ll

डबवाली पुलिस की साइबर जागरूकता मुहिम, ठगी से बचाव के बताए प्रभावी उपाय ll

डबवाली-(पंकज गोदारा):-पुलिस महानिदेशक हरियाणा के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, आईपीएस के कुशल नेतृत्व में अगस्त माह के प्रथम बुधवार को डबवाली पुलिस द्वारा “साइबर राहगीरी” कार्यक्रम का आयोजन कर व्यापक साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना था।कार्यक्रम के दौरान डबवाली पुलिस की साइबर टीम एवं पुलिस अधिकारियों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, पार्कों तथा राहगीरों से सीधा संवाद स्थापित किया। पुलिस टीम ने लोगों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश के नाम पर होने वाली ठगी, फर्जी ट्रेडिंग एवं शेयर मार्केट ऐप, फर्जी लोन ऐप, ओटीपी और केवाईसी अपडेट के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी, फर्जी फेसबुक एवं सोशल मीडिया विज्ञापनों, ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड, स्क्रीन शेयरिंग ऐप, क्यूआर कोड स्कैन, फर्जी बैंक खाते खुलवाने तथा व्हाट्सएप, टेलीग्राम एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भेजी जाने वाली संदिग्ध APK फाइलों एवं लिंक से जुड़े साइबर खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक, एपीके (APK) फाइल या मोबाइल एप्लिकेशन को डाउनलोड न करें और न ही उसे किसी अन्य व्यक्ति या व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करें। ऐसी फाइलें मोबाइल फोन का नियंत्रण अपने हाथ में लेकर बैंक खाते, व्यक्तिगत जानकारी एवं अन्य संवेदनशील डेटा चोरी कर सकती हैं।
जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को मजबूत पासवर्ड रखने, प्रत्येक महत्वपूर्ण खाते पर टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) का उपयोग करने, किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी, यूपीआई पिन अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करने तथा सोशल मीडिया पर अनजान लोगों के झांसे में न आने की सलाह दी गई।
डबवाली पुलिस ने आमजन से अपील की यदि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी, संदिग्ध कॉल, संदेश अथवा ऑनलाइन धोखाधड़ी का प्रयास सामने आए तो तुरंत वह बिना समय गंवाए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराए तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल , https://cybercrime.gov.in/ पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें। समय पर सूचना मिलने से ठगी गई राशि को फ्रीज करवाने एवं वापस दिलाने की संभावना काफी बढ़ जाती है साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता और सतर्कता है । साइबर अपराधी डर व लालच को अपना हथियार बना कर आमजन को अपना शिकार बनाते हैं । डबवाली पुलिस भविष्य में भी “साइबर राहगीरी” जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को जागरूक करती रहेगी, ताकि प्रत्येक नागरिक सुरक्षित डिजिटल वातावरण का हिस्सा बन सके। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button