धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर डबवाली पुलिस सख्त ll
धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर डबवाली पुलिस सख्त ll

डबवाली-(पंकज गोदारा):-पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर के कुशल नेतृत्व में त्योहारी सीजन के मद्देनजर धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से आज उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय डबवाली श्री योगेश कटारिया ने क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों के पुजारियों एवं गुरुद्वारों के पाठियों के साथ बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए । बैठक का उद्देश्य धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा प्रबंधन को सुदृढ़ करना, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा पुलिस एवं धार्मिक संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए डीएसपी श्री योगेश कटारिया ने कहा कि सभी धार्मिक स्थलों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा बाहरी कैमरों की दिशा इस प्रकार रखी जाए कि सड़क पर आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति एवं वाहन की स्पष्ट फुटेज रिकॉर्ड हो सके। उन्होंने कहा कि कैमरों का नियमित निरीक्षण किया जाए ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनकी रिकॉर्डिंग जांच में उपयोगी सिद्ध हो ।उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर (Digital Video Recorder) को सुरक्षित एवं संरक्षित स्थान पर रखा जाए। कई मामलों में अपराधी घटना के बाद डीवीआर को क्षतिग्रस्त कर अथवा साथ ले जाकर महत्वपूर्ण साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास करते हैं। इसलिए डीवीआर ऐसी जगह स्थापित की जाए, जहां उसकी अनधिकृत पहुंच संभव न हो। सुरक्षित डीवीआर में उपलब्ध फुटेज अपराधियों की पहचान करने, उनके आने-जाने के मार्ग का पता लगाने तथा उन पर शीघ्र कानूनी शिकंजा कसने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
डीएसपी मुख्यालय ने कहा कि आगामी त्योहारी सीजन में मंदिरों और गुरुद्वारों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, कतार प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की भगदड़ अथवा अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक धार्मिक स्थल पर हर समय कम से कम एक जिम्मेदार व्यक्ति की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि यदि कोई बाहरी व्यक्ति मंदिर अथवा गुरुद्वारे में ठहरता है तो उसकी पहचान संबंधी दस्तावेज (आईडी) अवश्य प्राप्त कर उसका रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाए। इससे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की पहचान करने एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहायता मिलेगी।उप पुलिस अधीक्षक ने पुजारियों व पाठियों आह्वान किया कि वे अपने प्रवचनों एवं धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें तथा उन्हें नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें । उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में धार्मिक संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और पुलिस इस अभियान में उनके सहयोग की अपेक्षा करती है।बैठक के दौरान सभी पुजारियों एवं पाठियों से अपील की गई कि यदि किसी भी प्रकार का संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत डायल-112 अथवा अपने नजदीकी थाना या पुलिस चौकी को दें। समय पर दी गई सूचना किसी भी अपराध की रोकथाम एवं त्वरित कार्रवाई में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
बैठक के अंत में डीएसपी योगेश कटारिया ने कहा कि धार्मिक स्थल आस्था के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द और शांति के प्रतीक हैं। इनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस और समाज दोनों की साझा जिम्मेदारी है। डबवाली पुलिस आमजन के सहयोग से क्षेत्र में सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं अपराध मुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। @newstodayhry #newstodayhry




