Haryana
Trending

नशे के खिलाफ हिसार पुलिस की मुहिम को गांवों तक पहुंचा रही नशा मुक्ति टीम-13 नशा पीड़ितों को उपचार व काउंसलिंग से जोड़ा : एसपी सिद्धान्त जैन।।

नशे के खिलाफ हिसार पुलिस की मुहिम को गांवों तक पहुंचा रही नशा मुक्ति टीम-13 नशा पीड़ितों को उपचार व काउंसलिंग से जोड़ा : एसपी सिद्धान्त जैन।।

हिसार-(अमित कुमार ):- पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के सफल नेतृत्व में हिसार पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान अब केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे की गिरफ्त में फंसे लोगों को उपचार, काउंसलिंग और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में नशा मुक्ति टीम हिसार द्वारा थाना आजाद नगर क्षेत्र सहित शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। नशा मुक्ति टीम ने गांव रावत खेड़ा, चिड़ोद, चौधरीवास तथा हिसार शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सिरसा रोड क्षेत्र में पहुंचकर ग्रामीणों एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। गांव रावत खेड़ा में हरियाली अमावस्या के धार्मिक कार्यक्रम के दौरान करीब 70 युवाओं, महिलाओं एवं पुरुषों को नशे से दूर रहने तथा बच्चों को पढ़ाई और खेलों की ओर प्रेरित करने का संदेश दिया गया।

नशा पीड़ितों के घर पहुंची पुलिस टीम, उपचार के लिए बढ़ाया मदद का हाथ

टीम ने गांवों में सरपंच, ग्रामवासियों, नशा पीड़ितों एवं उनके परिवारजनों से सीधे संवाद किया। नशा पीड़ितों को नियमित उपचार एवं दवाई लेने के लिए प्रेरित किया गया तथा नशा तस्करों के संबंध में भी जानकारी जुटाई गई। अभियान के दौरान कुल 13 नशा पीड़ितों को उपचार से जोड़ा गया। इनमें से 5 नशा पीड़ितों को पहली बार घर जाकर आयुर्वेदिक दवाई दिलवाई गई, जबकि 1 नशा पीड़ित को नागरिक अस्पताल हिसार में पहली बार उपचार दिलाया गया। इसके अतिरिक्त 7 नशा पीड़ितों को नागरिक अस्पताल के नशा मुक्ति केंद्र से दूसरी बार दवाई दिलवाई गई। इनका ब्लड टेस्ट एवं काउंसलिंग भी करवाई गई।

नशे के खिलाफ गांवों में जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार

नशा मुक्ति टीम द्वारा ग्रामीणों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। टीम ने अभिभावकों से विशेष रूप से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर सकारात्मक नजर रखें, उनसे संवाद बनाए रखें और उन्हें खेल एवं शिक्षा से जोड़ें। एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ नशा पीड़ितों को उपचार उपलब्ध करवाकर उन्हें सामान्य जीवन की ओर लौटाने के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी युवक को नशे की लत में फंसने से बचाना ही इस अभियान की सबसे बड़ी सफलता है। ग्रामीण एवं आम नागरिक नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय सहयोग करें और अपने आसपास नशे का कारोबार करने वाले लोगों की सूचना पुलिस को दें, ताकि नशे के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।। #Newstodayhry @Newstodayhry

Related Articles

Back to top button