Haryana
Trending

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सिरसा से पूर्व सांसद डॉ अशोक तंवर का बयान।।

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सिरसा से पूर्व सांसद डॉ अशोक तंवर का बयान।।

सिरसा -( अक्षित कम्बोज ):- रीड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सिरसा से पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि स्वर्गीय पंडित होशियारी लाल शर्मा का जीवन सिरसा और हरियाणा की राजनीति एवं जनसेवा के लिए पूरी तरह समर्पित रहा। डॉ. तंवर पंडित होशियारी लाल शर्मा की पांचवीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पंडित होशियारी लाल शर्मा के साथ अपने लंबे राजनीतिक और व्यक्तिगत संबंधों को याद करते हुए उन्हें एक अनुभवी, समर्पित और प्रेरणादायक नेता बताया। डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि उनका पंडित होशियारी लाल शर्मा के साथ परिचय वर्ष 2005 से था। उस समय वह यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष थे और उन्हें पंडित होशियारी लाल शर्मा से मिलने का अवसर मिला था। उन्होंने बताया कि पंडित होशियारी लाल शर्मा के पुत्र राजकुमार शर्मा उस समय सिरसा से यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष थे, जिसके चलते परिवार के साथ उनका संपर्क और अधिक बढ़ता गया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से ही पंडित होशियारी लाल शर्मा के साथ उनके मधुर संबंध बन गए थे। इसके बाद राजनीति के विभिन्न अवसरों पर उन्हें पंडित होशियारी लाल शर्मा का मार्गदर्शन और सहयोग मिलता रहा। डॉ. तंवर ने विशेष रूप से वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव को याद करते हुए कहा कि उस चुनाव में पंडित होशियारी लाल शर्मा ने उनकी बहुत मदद की थी। डॉ. तंवर ने कहा कि राजनीति के क्षेत्र में उन्हें पंडित होशियारी लाल शर्मा से बहुत कुछ सीखने को मिला। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय शर्मा केवल एक राजनीतिक नेता नहीं थे, बल्कि सिरसा और हरियाणा की जनता के हितों के लिए समर्पित एक ऐसे व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा समाज और राजनीति को दिया। उन्होंने कहा कि पंडित होशियारी लाल शर्मा की कमी हमेशा महसूस की जाएगी और उनके द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने हरियाणा सरकार और विशेष रूप से हरियाणा कौशल रोजगार निगम यानी HKRN की नीति को लेकर बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जब भी किसी पद की जरूरत होती है तो नियमित भर्ती और वैकेंसी निकाली जानी चाहिए, लेकिन सरकार रोजगार के नाम पर ऐसी नीतियां बना रही है जिनसे युवाओं और कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित नहीं हो रहा। डॉ. तंवर ने आरोप लगाया कि HKRN कर्मचारियों को नियमित करने की बजाय उनका रोजगार छीना जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कच्चे कर्मचारियों के साथ विश्वासघात कर रही है। वर्षों से काम कर रहे कर्मचारियों को नौकरी की सुरक्षा और स्थायित्व देने की बजाय उन्हें अनिश्चितता की स्थिति में रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा का युवा पढ़-लिखकर रोजगार के साथ सामाजिक सुरक्षा चाहता है। युवा चाहते हैं कि उन्हें मेहनत और योग्यता के आधार पर स्थायी नौकरी मिले, ताकि वह अपने परिवार और भविष्य की जिम्मेदारियों को सुरक्षित तरीके से निभा सकें। डॉ. तंवर ने कहा कि युवाओं को अस्थायी और अनिश्चित रोजगार के भरोसे छोड़ना किसी भी सरकार की सही रोजगार नीति नहीं हो सकती। पूर्व सांसद ने कहा कि HKRN के माध्यम से युवाओं को रोजगार देना एक प्रकार से शोषण की व्यवस्था बनती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को समान अधिकार और स्थायी रोजगार देने की बजाय उन्हें अस्थायी व्यवस्था में रखा जा रहा है। कांग्रेस पार्टी युवाओं और कर्मचारियों के शोषण के खिलाफ हमेशा मजबूती से खड़ी रही है और आगे भी उनकी आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं की समस्याओं को लेकर कांग्रेस लगातार संघर्ष करेगी। सरकार को चाहिए कि वह रोजगार के स्थायी अवसर पैदा करे और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाए। कांग्रेस का मानना है कि प्रदेश के युवाओं को सम्मानजनक और सुरक्षित रोजगार मिलना चाहिए। वहीं, बीजेपी द्वारा सोनिया गांधी पर वंदे मातरम का अपमान करने के लगाए गए आरोपों को लेकर भी डॉ. अशोक तंवर ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार ने देश की आजादी और देश की सेवा में बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जिन लोगों के परिवार और नेतृत्व का देश की आजादी के आंदोलन में इतना बड़ा योगदान रहा हो, वे देश का अपमान कैसे कर सकते हैं। डॉ. तंवर ने आरोप लगाया कि बीजेपी जानबूझकर ऐसे मुद्दों को उठाकर राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि जेन जी के आंदोलन के बाद बीजेपी बैकफुट पर है और अब जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए जबरदस्ती कोई न कोई नया विवाद खड़ा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वर्किंग कमेटी यानी CWC की बैठक में भी वंदे मातरम के पहले दो पद गाने पर सहमति बनी है। ऐसे में कांग्रेस और उसके नेताओं पर राष्ट्रीय गीत के अपमान का आरोप लगाना पूरी तरह राजनीति से प्रेरित है। डॉ. अशोक तंवर ने बीजेपी नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आज वही लोग राष्ट्रवाद और देशभक्ति पर सवाल खड़े कर रहे हैं, जिन्होंने अपने राजनीतिक इतिहास में राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के प्रति क्या भूमिका निभाई है, इस पर भी उन्हें आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के नेताओं ने कभी राष्ट्रीय गीत या राष्ट्रगान नहीं गाया और अपने मुख्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज लगाने को लेकर भी उनका रिकॉर्ड सवालों के घेरे में रहा है। इस दौरान सिरसा में कांग्रेस की गुटबाजी और सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया द्वारा डॉ. अशोक तंवर पर लगाए गए आरोपों को लेकर भी उनसे सवाल किया गया। इस पर डॉ. तंवर ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दिन वह स्वयं सिरसा में मौजूद थे और उन्होंने भी वोट डाला था। उन्होंने कहा कि जिस वीडियो का जिक्र गोकुल सेतिया कर रहे हैं, उस समय वह किसी दूसरी जगह थे और बीजेपी में थे। इसलिए संभव है कि गोकुल सेतिया को किसी प्रकार की गलतफहमी हो गई हो। डॉ. तंवर ने गोकुल सेतिया को अपना छोटा भाई बताते हुए कहा कि राजनीति में कई बार गलतफहमियां पैदा हो जाती हैं, लेकिन उन्हें बातचीत और आपसी समझ से दूर किया जाना चाहिए। डॉ. तंवर ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस में भी कई बड़े-बड़े लोगों की गलतफहमियां दूर की हैं। अब समय आ गया है कि व्यक्तिगत मतभेदों और आरोप-प्रत्यारोप से ऊपर उठकर पार्टी को मजबूत करने के लिए काम किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को अच्छा जनाधार दिया है और कांग्रेस नेताओं की जिम्मेदारी है कि वे जनता की आवाज को मजबूती से उठाएं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस को और अधिक मजबूत करने की जरूरत है। पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन को मजबूत करना चाहिए। जनता के मुद्दों, युवाओं की समस्याओं, बेरोजगारी, कर्मचारियों की मांगों और प्रदेश के विकास से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाना चाहिए। डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि राहुल गांधी की वापसी और कांग्रेस को मजबूत करने के लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और हरियाणा प्रदेश दोनों जगह कांग्रेस की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ पार्टी के प्रत्येक नेता और कार्यकर्ता को मजबूती से काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसकी विचारधारा, कार्यकर्ता और जनता का विश्वास है। यदि सभी नेता आपसी मतभेदों को भूलकर एकजुट होकर काम करें तो कांग्रेस आने वाले समय में और अधिक मजबूत होकर उभर सकती है। डॉ. तंवर ने कहा कि अब जरूरत इस बात की है कि कांग्रेस जनता की उम्मीदों पर खरी उतरे और हरियाणा के लोगों की आवाज को पूरी ताकत के साथ बुलंद करे।। #Newstodayhry @Newstodayhry

Related Articles

Back to top button