
हिसार – (अमित कुमार ) पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने आज अपने कार्यालय में हिसार पुलिस की मन्थली अचीवमेंट रिव्यू मीटिंग आयोजित कर जिले में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, नशा तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई, लंबित शिकायतों व मामलों तथा पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सभी थाना प्रभारी, सभी जी.ओ., सभी चौकी प्रभारी, प्रभारी नशा मुक्ति टीम, प्रभारी शिकायत शाखा, प्रभारी PIT सेल, वीआरके, प्रवाचक एवं सेना लिपिक सहित संबंधित पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों से उनके थाना एवं शाखा क्षेत्र में किए गए कार्यों और उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए अपराधों की रोकथाम तथा अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में तत्परता, जवाबदेही और परिणाम स्पष्ट रूप से दिखाई देने चाहिए। एसपी ने लंबित मुकदमों, शिकायतों, जांच एवं तफ्तीश को निर्धारित समय में पूरा करने, वांछित एवं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी प्रयास करने तथा आदतन अपराधियों पर विशेष निगरानी रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान को और तेज करने, नशे के नेटवर्क से जुड़े व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन व युवाओं को जागरूक करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में पैदल गश्त, नाकाबंदी, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग तथा संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रिय उपस्थिति से अपराध पर अंकुश लगाने के साथ-साथ आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है। एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनें और उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें। थानों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और पुलिस-पब्लिक संबंधों को और मजबूत किया जाए। उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम, महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों में त्वरित कार्रवाई, संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण तथा सोशल मीडिया पर अपराध को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों पर निगरानी रखने के भी निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि लापरवाही, अनावश्यक देरी और कार्य में उदासीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी जिम्मेदारी और टीम भावना के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि हिसार पुलिस का मुख्य उद्देश्य अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत करना है। @newstodayhry #newstodayhry




