Haryana
Trending

तलवंडी रुक्का हत्याकांड में CIA हिसार की बड़ी कार्रवाई ll

तलवंडी रुक्का हत्याकांड में CIA हिसार की बड़ी कार्रवाई ll

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, IPS के निर्देशानुसार हिसार पुलिस द्वारा थाना आजाद नगर क्षेत्र के तलवंडी रुक्का हत्याकांड में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। मामले में थाना आजाद नगर पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद वारदात में प्रयुक्त तेजधार हथियार उपलब्ध करवाने वाले आरोपी मनोज पुत्र तारचन्द निवासी चिड़ोद को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, सीआईए हिसार ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पुनीत पुत्र भागीरथ निवासी रावतखेड़ा तथा अंकित पुत्र जगदीश निवासी चिड़ोद को गिरफ्तार किया है।इसके अतिरिक्त, मुख्य आरोपियों को वारदात के बाद शरण देने वाले आरोपी राहुल पुत्र धर्मपाल निवासी असरांवा तथा सौरभ पुत्र देवीलाल निवासी खरखड़ी को भी गिरफ्तार किया गया है।

घर के बाहर सो रहे बुजुर्ग पर किया था तेजधार हथियारों से हमला -सीआईए हिसार प्रभारी PSI कर्ण सिंह ने बताया कि बलवान सिंह पुत्र महावीर सिंह निवासी तलवंडी रुक्का ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि उसके पिता महावीर सिंह पुत्र देवतराम रात के समय अपने घर के बाहर चबूतरे पर सो रहे थे। इसी दौरान तीन अज्ञात युवकों ने तेजधार हथियारों से उन पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। उपचार के दौरान महावीर सिंह की मृत्यु हो गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण कर विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में शामिल आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर लगातार प्रयास किए।

अंतरजातीय प्रेम विवाह को लेकर रंजिश का मामला – पुलिस जांच में प्रारंभिक तौर पर सामने आया कि आरोपी पक्ष मृतक के पोते द्वारा एक युवती के साथ किए गए अंतरजातीय प्रेम विवाह को लेकर रंजिश रखता था। इसी रंजिश के चलते महावीर सिंह पर हमला किए जाने की बात जांच में सामने आई है। पुलिस द्वारा मामले के प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।

मुख्य आरोपियों को शरण देने वालों पर भी पुलिस की कार्रवाई – सीआईए हिसार द्वारा गिरफ्तार किए गए राहुल तथा सौरभ पर मुख्य आरोपियों को वारदात के बाद शरण देने का आरोप है। हिसार पुलिस द्वारा अपराधियों के साथ-साथ अपराधियों को शरण, सहयोग या अन्य किसी प्रकार की मदद देने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा वारदात में शामिल अन्य आरोपियों एवं हथियारों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

एसपी सिद्धान्त जैन का कड़ा संदेश – एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि हत्या जैसे गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। हिसार पुलिस द्वारा मुख्य आरोपियों के साथ-साथ वारदात में सहयोग करने, हथियार उपलब्ध करवाने अथवा आरोपियों को शरण देने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में शामिल प्रत्येक आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के समक्ष पेश किया जाएगा।हिसार पुलिस की अपराधियों को स्पष्ट चेतावनी है कि अपराध करने या अपराधियों को किसी भी प्रकार का सहयोग देने वाला व्यक्ति कानून की नजर से बच नहीं सकता। अपराध में प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से संलिप्त प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button