जगाधरी में वामन द्वादशी मेले का भव्य समापन, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन II
जगाधरी में वामन द्वादशी मेले का भव्य समापन, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन II

यमुनानगर-(मनदीप कौर):- यमुनानगर के जगाधरी में आयोजित दो दिवसीय वामन द्वादशी मेले का भव्य समापन हो गया। मेले में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान वामन के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। मेले का सबसे खास आकर्षण गौरीशंकर मंदिर परिसर स्थित गौरीकुंड में भगवान वामन का नौका विहार रहा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। आयोजकों के मुताबिक जगाधरी में भगवान वामन का जन्मोत्सव मनाने की यह परंपरा करीब 119 वर्षों से चली आ रही है। वामन द्वादशी के अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया जाता है और वहां से झांकियां निकालकर गौरीशंकर मंदिर तक लाई जाती हैं। इसके बाद मंदिर परिसर में मेले का आयोजन होता है, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ भगवान वामन की पूजा-अर्चना की। वहीं मंदिर के पुजारी ने भगवान वामन और राजा बलि से जुड़ी पौराणिक कथा भी श्रद्धालुओं के साथ साझा की। मान्यता के अनुसार भगवान वामन ने राजा बलि से तीन पग भूमि मांगी थी। दो पग में भगवान ने पृथ्वी और ब्रह्मांड को नाप लिया और तीसरे पग के लिए राजा बलि ने अपना सिर आगे कर दिया। इसके बाद भगवान ने राजा बलि को पाताल लोक का राजा बनाया। #newstodayhry @newstodayhry




