
हिसार-(अमित कुमार):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के सफल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में हिसार पुलिस की नशा मुक्ति टीम द्वारा नशे के खिलाफ जागरूकता एवं उपचार अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना शहर हिसार क्षेत्र के विकास नगर एवं अंबेडकर कॉलोनी में नशे के खिलाफ विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान आमजन एवं नशा पीड़ितों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। लोगों से नशा मुक्त अभियान को सफल बनाने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई, ताकि कोई भी युवक नशे की लत में पड़कर अपना भविष्य बर्बाद न करे। साथ ही क्षेत्र में नशा तस्करी से संबंधित जानकारी भी जुटाई गई।
21 नशा पीड़ितों को उपचार एवं दवाई उपलब्ध करवाई
नशा मुक्ति टीम द्वारा आज के अभियान के दौरान 03 नशा पीड़ितों की पहचान की गई। इनमें से 02 नशा पीड़ितों को नागरिक अस्पताल हिसार से पहली बार आयुर्वेदिक एवं एलोपैथिक दवाई दिलवाई गई। इसके अलावा 06 नशा पीड़ितों को नागरिक अस्पताल हिसार से दूसरी बार आयुर्वेदिक एवं एलोपैथिक दवाई दिलवाई गई। इन नशा पीड़ितों के ब्लड टेस्ट एवं काउंसलिंग भी करवाई गई। नशा पीड़ितों को उपचार से जोड़ने के लिए नशा मुक्ति पुलिस टीम द्वारा 13 नशा पीड़ितों के घर जाकर पहली बार आयुर्वेदिक दवाई उपलब्ध करवाई गई। इस प्रकार कुल 21 नशा पीड़ितों को घर जाकर तथा नागरिक अस्पताल के माध्यम से आयुर्वेदिक एवं एलोपैथिक दवाई उपलब्ध करवाई गई।
मासिक बैठक में एसपी ने दिए स्पष्ट निर्देश
एसपी ने निर्देश दिए कि नशा पीड़ितों से अधिक से अधिक संपर्क स्थापित कर उन्हें नियमित उपचार एवं दवाई लेने के लिए प्रेरित किया जाए। जो व्यक्ति नशे की गंभीर लत से पीड़ित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द उपचार एवं दवाई उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने नशा मुक्ति टीम को निर्देश दिए कि नशा पीड़ितों से संबंधित डेटा प्रतिदिन अपडेट रखा जाए, ताकि प्रत्येक पीड़ित की स्थिति की नियमित निगरानी की जा सके और जरूरत के अनुसार उसे उपचार से जोड़ा जा सके। एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल नशा तस्करों पर कार्रवाई तक सीमित नहीं है। हमारा उद्देश्य नशे की गिरफ्त में आए लोगों को पहचानकर उन्हें उपचार, काउंसलिंग और समाज की मुख्यधारा से जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति टीम द्वारा नशा पीड़ितों से लगातार संपर्क कर उन्हें नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाए और उनके उपचार में हरसंभव सहयोग किया जाए। हिसार पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ नशा पीड़ितों को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने के लिए जागरूकता, काउंसलिंग एवं उपचार अभियान लगातार जारी रहेगा।। #Newstodayhry @Newstodayhry




