शाहपुरिया में लगा प्रशासन का दरबार, 26 से ज्यादा शिकायतों पर हुई सुनवाई II
शाहपुरिया में लगा प्रशासन का दरबार, 26 से ज्यादा शिकायतों पर हुई सुनवाई II

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):- सिरसा में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान व गांव के विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित किए जा रहा है। ग्रामीणों को भी चाहिए कि वे गांव के विकास में प्रशासन के सहयोगी बनें, जिससे जहां गांव के विकास कार्य तेजी से होंगे व सार्वजनिक समस्याओं का त्वरित समाधान भी होगा। यह बात अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने वीरवार को जिला के गांव शाहपुरिया में आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कही। इससे पूर्व उन्होंने स्कूल परिसर में पौधारोपण किया और ग्रामीणों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए अधिकारियों को समाधान बारे दिशा-निर्देश दिए। सरपंच राजकुमार की ओर से रखी मांगों को भी अतिरिक्त उपायुक्त ने पूरा करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि-
ग्रामीणों की समस्याओं को नजदीक से जानकर उनका समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण गांव के विकास में आपसी सामंजस्य बनाकर प्रशासन का सहयोग करें, ताकि कोई भी विकास कार्य निर्बाध रूप से पूरा हो सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपने घर व गांव में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। अपने आसपास स्वच्छता बनाएं रखें और गांव में प्रशासनिक सुविधाओं का ध्यान रखें और कोई भी परेशानी या समस्या आती है, तो उस बारे प्रशासन के संज्ञान में लाएं, ताकि उनका समाधान किया जा सके। रात्रि ठहराव कार्यक्रम में 26 से ज्यादा परिवाद रखे गए, जिन पर अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान बिजली के खम्भे बदलने, बरसाती पानी की निकासी, फसल खराब, बिजली बिल कम करने आदि समस्या बारे शिकायत आई। इस अवसर पर विभागों की ओर से रात्रि ठहराव कार्यक्रम में स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी भी दी गई। ग्रामीणों को योजनाओं के लाभ के लिए आवेदन प्रक्रिया व इसके पंजीकरण बारे भी बताया गया और मौके पर संबंधित योजनाओं का पंजीकरण भी करवाया गया। रात्रि ठहराव कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन की ओर से नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। #newstodayhry @newstodayhry




