Haryana
Trending

श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल का 50 वां स्वर्ण महोत्सव ll

श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल का 50 वां स्वर्ण महोत्सव ll

सिरसा – (अक्षित कम्बोज ) धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर की संवाहक रही धर्म धरा सिरसा की आध्यात्मिक यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल के 50वें स्वर्ण महोत्सव का आयोजन हुआ। 50 वर्षों की निरंतर भक्ति, साधना और राधा माधव की सेवा के इस ऐतिहासिक पड़ाव के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष समारोह में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं श्री बाबा तारा जी कुटिया के मुख्य सेवक गोबिंद कांडा ने मुख्य अतिथि अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर आयोजकों द्वारा गोबिंद कांडा का स्वागत किया गया। गोबिंद कांडा ने व्यास पीठ के समक्ष शीश नवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस ऐतिहासिक महोत्सव के अवसर पर गोबिंद कांडा ने पूर्व मंत्री एवं हरियाणा लोकहित पार्टी (हलोपा) के सुप्रीमो गोपाल कांडा की ओर से संकीर्तन मंडल को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहयोग राशि भेंट की। गोबिंद कांडा ने कहा कि भक्ति की इस निरंतर बहती धारा को बनाए रखना हम सभी का परम कर्तव्य है। इस दौरान उन्होंने संस्था के सभी पदाधिकारियों, समर्पित सदस्यों और उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं को मंडल के सफल 50 वर्ष पूर्ण होने पर स्वर्ण महोत्सव की हृदय से बधाई व शुभकामनाएं दीं। स्वर्ण महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित दिव्य संकीर्तन एवं भक्त माल कथा में शिरकत करने पहुंचे देश के सुप्रसिद्ध एवं ओजस्वी कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय जी महाराज के सानिध्य में गोबिंद कांडा ने विशेष रूप से पहुंचकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान गोबिंद कांडा ने महाराज जी का शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि पूज्य इंद्रेश उपाध्याय महाराज के मुखारविंद से बह रही ज्ञान, भक्ति और वैराग्य की गंगा से समस्त सिरसा शहर भक्तिमय हो गया है। ऐसे महान धर्म प्रचारकों के चरण जब किसी क्षेत्र में पड़ते हैं, तो वह भूमि और वहां के निवासी धन्य हो जाते हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा ने कहा कि सिरसा की पहचान पूरे देश में एक पवित्र धर्म धरा के रूप में है, और इस महान आध्यात्मिक पहचान को गढ़ने व संजोने में श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल का योगदान रहा है। संस्था ने पिछले पांच दशकों में न केवल हरि नाम संकीर्तन का प्रचार-प्रसार किया है, बल्कि युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ने, समाज में भाईचारे को बढ़ावा देने और जनसेवा के कार्यों में भी ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। आधी शताब्दी का यह निरंतर सफर मंडल के सदस्यों के निस्वार्थ समर्पण, अटूट निष्ठा और अनन्य प्रभु भक्ति का साक्षात प्रमाण है। गोबिंद कांडा ने आगे कहा कि कांडा परिवार सदैव सनातन धर्म के प्रचार, मंदिरों के पुनरुद्धार और धार्मिक आयोजनों में अपना योगदान देने के लिए तत्पर रहा है। पूज्य बाबा तारा जी के आशीर्वाद से संचालित श्री बाबा तारा जी कुटिया के माध्यम से जिस प्रकार जनसेवा और धार्मिक चेतना का दीप प्रज्वलित किया जा रहा है, उसी सेवा भाव को आगे बढ़ाते हुए गोपाल कांडा और उनके परिवार ने संकीर्तन मंडल को यह सहयोग समर्पित किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मंडल भविष्य में भी इसी प्रकार समाज में भक्ति और नैतिक मूल्यों की अलख जगाता रहेगा। समारोह के समापन पर श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ सदस्यों ने गोबिंद कांडा, पूर्व मंत्री गोपाल कांडा एवं समस्त कांडा परिवार का इस उदार आर्थिक सहयोग, स्नेह और मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद किया। कथा व संकीर्तन के दौरान पूरा पांडाल ‘राधे-राधे’, ‘जय श्री कृष्णा’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोषों से गुंजायमान रहा। इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायक कृष्ण दास भूटानी, श्रीमती संगीता महान कांडा, सुनील सर्राफ, पूनम सेठी, अग्रवाल सभा के प्रधान संजय गोयल साहुवाला, सोहन लाल चुघ, राजेंद्र सुधा, अग्रवाल सभा के महासचिव अश्विनी बंसल, इन्द्रोष गुज्जर सहित शहर की विभिन्न सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक, प्रशासनिक अधिकारी और भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button