Haryana
Trending

खेलों से स्वस्थ समाज और नशामुक्त युवा तैयार करने का संदेश ll

खेलों से स्वस्थ समाज और नशामुक्त युवा तैयार करने का संदेश ll

सिरसा -( अक्षित कम्बोज ) कालांवाली के विधायक शीशपाल केहरवाला ने गांव केवल में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ करते हुए खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता में करीब 32 टीमें भाग ले रही हैं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, खेल प्रेमी और युवा मौजूद रहे। विधायक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका हौसला बढ़ाते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच प्रदान करती हैं। शीशपाल केहरवाला ने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग हैं। खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति के मानसिक विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास को भी मजबूत करते हैं। नियमित रूप से खेलों में भाग लेने वाला युवा शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ-साथ टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की प्रवृत्ति भी विकसित करता है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जब युवा पीढ़ी के सामने नशे जैसी गंभीर चुनौती खड़ी है, ऐसे समय में खेल नशे के खिलाफ अलख जगाने का सबसे प्रभावी माध्यम बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट सहित अन्य खेलों को गांव-गांव तक बढ़ावा देने की आवश्यकता है। ग्रामीण क्षेत्र में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जिन्हें यदि उचित अवसर और सुविधाएं मिलें तो वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाएं और खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। केवल गांव में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता में करीब 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। आयोजकों की ओर से विजेता टीम के लिए 51 हजार रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 31 हजार रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को मैन ऑफ द सीरीज के रूप में 11 हजार रुपये की राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। विधायक ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन अपने आप में सराहनीय पहल है। इससे गांव के युवाओं को एक-दूसरे के साथ प्रतिस्पर्धा करने और अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना होती है। खिलाड़ियों को अनुशासन और आपसी भाईचारे के साथ मैदान में उतरना चाहिए। शीशपाल केहरवाला ने गांव हांडीखेड़ा में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में भी बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनके प्रदर्शन को लेकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि गांवों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं के व्यक्तित्व के संपूर्ण विकास के लिए केवल शैक्षणिक गतिविधियां ही पर्याप्त नहीं हैं। पढ़ाई के साथ-साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी भी जरूरी है। खेल युवाओं को अनुशासन सिखाते हैं, जबकि सांस्कृतिक गतिविधियां उन्हें अपनी परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जोड़ती हैं। विधायक ने कहा कि यदि युवाओं को पढ़ाई, खेल और रचनात्मक गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण मिले तो वे न केवल अपने परिवार और गांव का नाम रोशन कर सकते हैं, बल्कि समाज और प्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी खेलों के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल का मैदान नशे के खिलाफ सबसे मजबूत मैदान बन सकता है। जब युवा हाथ में बल्ला और गेंद लेकर मैदान में उतरता है तो उसकी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ती है। ऐसे आयोजनों से गांवों में आपसी भाईचारा भी मजबूत होता है और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। विधायक ने आयोजकों को इस पहल के लिए साधुवाद देते हुए भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताएं आयोजित करने का आह्वान किया। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button