वाहन व मकान छोड़ते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें, लापरवाही चोरों को दे सकती है मौका : एसपी सिद्धान्त जैन।।
वाहन व मकान छोड़ते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें, लापरवाही चोरों को दे सकती है मौका : एसपी सिद्धान्त जैन।।

हिसार-(अमित कुमार ):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने आमजन को वाहन एवं मकान की सुरक्षा को लेकर एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि चोरी की वारदातों से बचाव के लिए पुलिस के साथ-साथ नागरिकों की सतर्कता भी बेहद जरूरी है। घर या वाहन को असुरक्षित छोड़कर जाना चोरों को वारदात का मौका दे सकता है। इसलिए घर से निकलते समय कुछ जरूरी सावधानियां अवश्य बरतें।
मकान की सुरक्षा के लिए बरतें ये सावधानियां
• घर से बाहर जाते समय सभी दरवाजे, खिड़कियां और बालकनी के गेट अच्छी तरह लॉक करें।
• लंबे समय के लिए बाहर जा रहे हैं तो घर के किसी विश्वसनीय पड़ोसी या रिश्तेदार को इसकी जानकारी दें।
• घर में महंगे आभूषण, बड़ी नकदी अथवा अन्य कीमती सामान खुले में या आसानी से दिखाई देने वाली जगह पर न रखें।
• मकान के मुख्य प्रवेश द्वार एवं आसपास सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रखें।
• घर लंबे समय तक बंद रहने की जानकारी सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से साझा न करें।
• घर पर आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों, फर्जी डिलीवरी एजेंटों या अनजान लोगों के संबंध में सतर्क रहें।
• घरेलू नौकर, किरायेदार या अन्य व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन करवाएं।
वाहन की सुरक्षा को लेकर रहें सतर्क
• वाहन को सड़क या सुनसान स्थान पर छोड़ने के बजाय सुरक्षित एवं अधिकृत पार्किंग स्थल पर खड़ा करें।
• वाहन खड़ा करने के बाद लॉक, शीशे और डिक्की अच्छी तरह चेक करें।
• वाहन में मोबाइल, लैपटॉप, नकदी, बैग या अन्य कीमती सामान दिखाई देने वाली जगह पर न छोड़ें।
• दोपहिया वाहन को हमेशा हैंडल लॉक के साथ अतिरिक्त सुरक्षा लॉक से सुरक्षित करें।
• वाहन की चाबी किसी अनजान व्यक्ति को न दें तथा चाबी वाहन में लगी हुई छोड़कर न जाएं।
• वाहन के कागजात एवं अन्य जरूरी दस्तावेज वाहन में खुले रूप से न रखें।
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को दें सूचना
एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि यदि किसी मकान, वाहन या आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा गतिविधि दिखाई देती है तो स्वयं कार्रवाई करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें। समय पर दी गई सूचना किसी बड़ी चोरी या आपराधिक वारदात को रोकने में मददगार साबित हो सकती है। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि घर और वाहन की सुरक्षा को लेकर छोटी-सी लापरवाही भी न बरतें। पुलिस द्वारा चोरी की वारदातों पर रोकथाम एवं अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है, लेकिन सुरक्षित समाज के लिए नागरिकों की सतर्कता और पुलिस का सहयोग दोनों जरूरी हैं।। #Newstodayhry @Newstodayhry




