‘पुलिस सेवा त्याग, समर्पण और जनसेवा का नाम’, तीन पुलिसकर्मियों को दी भावभीनी विदाई
‘पुलिस सेवा त्याग, समर्पण और जनसेवा का नाम’, तीन पुलिसकर्मियों को दी भावभीनी विदाई
सिरसा :- (अक्षित कम्बोज ) बरनाला रोड स्थित पुलिस लाइन सिरसा के प्रशासनिक भवन में शनिवार को पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए तीन पुलिसकर्मियों के सम्मान में भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसपी दीपक सहारन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस मौके पर सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के परिजन और विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे। एसपी दीपक सहारन ने कहा कि पुलिस की नौकरी केवल एक पेशा नहीं, बल्कि त्याग, अनुशासन और जनसेवा का सशक्त माध्यम है। पुलिसकर्मी अपने परिवार से दूर रहकर सर्दी, गर्मी और बरसात की परवाह किए बिना आमजन की सुरक्षा के लिए दिन-रात ड्यूटी निभाते हैं। कई बार उन्हें परिवार को पर्याप्त समय देने का अवसर भी नहीं मिल पाता, लेकिन वे अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटते। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों ने अपने जीवन के बहुमूल्य वर्ष पुलिस विभाग को समर्पित किए हैं। उनकी निष्ठा, मेहनत और सेवाभाव विभाग के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेंगे। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों से सामाजिक जीवन में भी सक्रिय रहकर समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर जगबीर सिंह,ऑनरेरी निरीक्षक सुभाष चंद्र तथा सब इंस्पेक्टर ताराचंद को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। एसपी ने तीनों के उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना की। समारोह में डीएसपी राजवीर सिंह, डीएसपी सुखवीर सिंह, डीएसपी सुभाष चंद्र, जिला कल्याण निरीक्षक इंस्पेक्टर अनिल कुमार, लाइन प्रबंधक सहित अनेक पुलिसकर्मी व सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन मौजूद रहे।

