बिना परमिशन शक्ति प्रदर्शन पड़ा भारी! प्रशासन ने जारी की सख्त चेतावनीII
बिना परमिशन शक्ति प्रदर्शन पड़ा भारी! प्रशासन ने जारी की सख्त चेतावनीII

हिसार-(अमित कुमार):- छात्र संघ चुनाव को लेकर हिसार पुलिस ने जिले के सभी कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने सभी थाना प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में स्थित शिक्षण संस्थानों के आसपास छात्र चुनाव के नाम पर होने वाली गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखें तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करें। एसपी ने स्पष्ट किया कि छात्र संघ चुनाव केवल संबंधित विश्वविद्यालय/कॉलेज द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना, निर्धारित नियमों एवं सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के अनुसार ही होंगे। छात्र स्वयं या बाहरी व्यक्तियों के सहयोग से चुनाव प्रक्रिया शुरू करने, प्रत्याशी घोषित करने, प्रचार करने, जुलूस निकालने, शक्ति प्रदर्शन करने अथवा डीजे/लाउडस्पीकर बजाने जैसी गतिविधियों से बचें। बाहरी छात्रों एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी हिसार पुलिस द्वारा कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों के आसपास बाहरी युवकों की गतिविधियों, वाहनों के काफिले, जुलूस, शक्ति प्रदर्शन, तेज आवाज में डीजे/लाउडस्पीकर तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। छात्र संघ चुनाव के संबंध में सुप्रीम कोर्ट द्वारा स्वीकार की गई लिंगदोह समिति की सिफारिशों के अनुसार चुनाव प्रक्रिया में पात्र विद्यार्थियों की भागीदारी, चुनावी अनुशासन, निर्धारित प्रक्रिया एवं अन्य नियमों का पालन किया जाना आवश्यक है। किसी भी बाहरी व्यक्ति को चुनावी प्रक्रिया में अनधिकृत रूप से शामिल करने या चुनाव के नाम पर माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। चुनाव के नाम पर जुलूस और शक्ति प्रदर्शन पर रहेगी नजर एसपी ने सभी थाना प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों के प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित कर छात्र चुनाव संबंधी गतिविधियों की जानकारी रखें। चुनाव के नाम पर बिना अनुमति जुलूस, रोड शो, वाहनों का काफिला, डीजे बजाकर शक्ति प्रदर्शन, यातायात बाधित करने अथवा सार्वजनिक शांति भंग करने जैसी गतिविधियां पाए जाने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाए।एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि छात्र लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और हिसार पुलिस शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। छात्र संघ चुनाव की प्रक्रिया यदि संबंधित संस्थान द्वारा अधिकृत रूप से आयोजित की जाती है तो सभी विद्यार्थियों को निर्धारित नियमों एवं आचार संहिता का पालन करना होगा। चुनाव के नाम पर कानून हाथ में लेने, बाहरी युवकों को एकत्रित करने, जुलूस निकालने, डीजे बजाकर शक्ति प्रदर्शन करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हिसार पुलिस की अपील हिसार पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे कॉलेज/विश्वविद्यालय द्वारा जारी आधिकारिक सूचना एवं निर्देशों पर ही भरोसा करें। सोशल मीडिया अथवा किसी व्यक्ति द्वारा दी गई अपुष्ट सूचना के आधार पर चुनावी गतिविधियों में शामिल न हों। किसी भी प्रकार के जुलूस, शक्ति प्रदर्शन या अन्य कार्यक्रम के संबंध में संबंधित संस्थान एवं सक्षम प्राधिकारी के निर्देशों का पालन करें। एसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ उसकी पहचान अथवा प्रभाव की परवाह किए बिना नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी #newstodayhry @newstodayhry




