युवा महोत्सव का आगाज, मंच पर दिखा युवाओं का हुनर; नशे से दूर रहने का दिया संदेश||
युवा महोत्सव का आगाज, मंच पर दिखा युवाओं का हुनर; नशे से दूर रहने का दिया संदेश||
सिरसा :- (अक्षित कम्बोज) राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सिरसा की ओर से वीरवार को चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के ऑडिटोरियम में आयोजित दो दिवसीय जिला युवा महोत्सव-2026 का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की तथा पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस महोत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने भाग लेकर संगीत, नृत्य, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन, पेंटिंग व लोक वाद्य यंत्र समूह से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी बढ़ने से उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में मदद मिलेगी। ऐसे आयोजन युवाओं की प्रतिभाओं को निखारने के साथ-साथ हमारी समृद्ध संस्कृति को आगे बढ़ाने का भी काम करते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से पूरी तरह दूर रहें और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों एवं प्रतिभा निखारने में लगाएं। युवा खेलों और कला जैसी गतिविधियों से जुड़कर अपने भविष्य को बेहतर दिशा दें।पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने कहा कि जिला में नशा मुक्त सिरसा की थीम के साथ विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में आए व्यक्ति का उपचार करवाने के लिए आगे आना चाहिए। युवा पीढ़ी जागरूक और सजग रहेगी तो समाज से नशे की बुराई को समाप्त करने में सफलता मिल सकती है। उन्होंने कहा कि नशा के खात्मे के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और अब तक उनकी दो करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अटैच की जा चुकी है। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सिरसा के प्रधानाचार्य डॉ. प्रवेश कंबोज ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि जिला युवा महोत्सव का उद्देश्य युवाओं की सांस्कृतिक प्रतिभा, रचनात्मकता एवं ऊर्जा को मंच प्रदान करना है। महोत्सव के माध्यम से युवाओं को अपनी कला एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा अपनी अलग पहचान बनाने का अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान समूह लोक नृत्य, समूह लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन, पेंटिंग तथा लोक वाद्य यंत्र समूह सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। लोक वाद्य यंत्र समूह प्रतियोगिता के विजेताओं को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।इस अवसर पर हिंदी प्रवक्ता चिमन भारतीय, आईटीआई नाथूसरी चौपटा के प्रिंसिपल बुधराम, राजकीय महिला आईटीआई सिरसा प्रिंसिपल उग्रसेन, राजकीय आईटीआई चौटाला के उप प्रधानाचार्य आशीष उपाध्याय, वर्ग अनुदेशक सहित अन्य मौजूद रहे। #newstodayhry




