नशे की गिरफ्त में फंसे लोगों तक पहुंची पुलिस, उपचार और काउंसलिंग का सहाराII
नशे की गिरफ्त में फंसे लोगों तक पहुंची पुलिस, उपचार और काउंसलिंग का सहाराII

हिसार-(अमित कुमार):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में हिसार पुलिस की नशा मुक्ति टीम द्वारा जिले में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज नशा मुक्ति टीम द्वारा अनाज मंडी सेक्टर-14 की झुग्गियों तथा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सिरसा रोड हिसार में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके अतिरिक्त, श्री गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार में फार्मेसी विभाग द्वारा आयोजित नशा मुक्ति जागरूकता रैली में हिसार पुलिस की नशा मुक्ति टीम से स्पेशल पुलिस ऑफिसर रोहतास/250 ने भाग लिया। इस रैली में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, प्रोफेसरों, स्टाफ एवं फार्मेसी विभाग के विद्यार्थियों सहित लगभग 200 लोगों ने भाग लेकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।
नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों बारे किया जागरूक
नशा मुक्ति टीम द्वारा अनाज मंडी हिसार, सेक्टर-14 की झुग्गियों तथा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सिरसा रोड में नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर स्थानीय लोगों, युवाओं एवं नशा पीड़ितों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। टीम ने लोगों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें तथा अपने बच्चों और युवाओं को भी नशे जैसी बुराई से बचाएं। साथ ही नशा तस्करी एवं नशीले पदार्थों की बिक्री करने वाले लोगों के बारे में जानकारी देकर पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया गया, ताकि किसी भी युवा को नशे की गिरफ्त में आने से बचाया जा सके।
12 नशा पीड़ितों को उपचार, दवाइयां व काउंसलिंग
नशा मुक्ति टीम द्वारा अभियान के दौरान 03 नए नशा पीड़ितों की पहचान की गई। इसके साथ ही 05 नशा पीड़ितों को नागरिक अस्पताल हिसार से दूसरी बार आयुर्वेदिक एवं एलोपैथिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं तथा उनके ब्लड टेस्ट करवाने के साथ काउंसलिंग भी की गई।
इसके अलावा, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सिरसा रोड हिसार एवं जिले के अन्य क्षेत्रों में 06 नशा पीड़ितों को टीम द्वारा घर जाकर पहली बार आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। इस प्रकार आज कुल 12 नशा पीड़ितों को उपचार प्रक्रिया से जोड़ते हुए आयुर्वेदिक एवं एलोपैथिक दवाइयां, आवश्यक जांच तथा काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध करवाई गई।
नशे के खिलाफ अभियान में पुलिस के साथ सहयोग करें
हिसार पुलिस नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने, नशा पीड़ितों को उपचार उपलब्ध करवाने तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। पुलिस अधीक्षक हिसार ने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ अभियान में पुलिस का सहयोग करें तथा नशा बेचने और तस्करी करने वालों के बारे में जानकारी देकर इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। नशा पीड़ितों के प्रति संवेदनशीलता रखें और उन्हें उपचार के लिए प्रेरित करें, ताकि एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सके। #newstodayhry @newstodayhry




