खेत में लगा बिजली का खंभा अचानक गिर पड़ा।।
खेत में लगा बिजली का खंभा अचानक गिर पड़ा।।

यमुनानगर -(मनदीप कौर):– के सढौरा इलाके में खेत में घास काटने गए एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। खेत में लगा बिजली का खंभा अचानक गिर पड़ा और हाई वोल्टेज तारों की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद गांव सरांवा में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय इरफान पुत्र गफूर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक इरफान रविवार सुबह घर से खेत में घास लेने के लिए निकला था। उसने खेत के बाहर अपनी साइकिल खड़ी की और अंदर घास काटने लगा। इसी दौरान खेत में लगा बिजली का खंभा अचानक नीचे गिर गया। खंभा गिरते ही बिजली की तारें सीधे इरफान के ऊपर आ गिरीं और वह करंट की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि इरफान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जब काफी देर तक इरफान घर वापस नहीं लौटा तो परिजन उसकी तलाश में खेत पहुंचे। खेत के बाहर साइकिल खड़ी मिली, जिसके बाद परिवार के लोग अंदर गए तो वहां इरफान जमीन पर झुलसी हालत में पड़ा मिला। आसपास बिजली की तारें बिखरी हुई थीं। यह देख परिजनों के होश उड़ गए और तुरंत गांव के लोगों को मौके पर बुलाया गया। ग्रामीणों ने बिजली सप्लाई बंद होने के बाद शव को खेत से बाहर निकाला और मामले की सूचना पुलिस व बिजली निगम को दी। सूचना मिलते ही सढौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल जगाधरी भेज दिया। परिजनों ने इस हादसे के लिए बिजली निगम की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि खेत में लगाया गया बिजली का खंभा मजबूती से नहीं लगाया गया था और जमीन में कम गहराई तक गाड़ा गया था जिसके चलते वह अचानक गिर पड़ा। परिवार का कहना है कि अगर खंभा सही तरीके से लगाया गया होता तो इरफान की जान बच सकती थी। वहीं बिजली निगम के जूनियर इंजीनियर का कहना है कि उन्हें एक युवक की मौत की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और बिजली निगम पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार से उसका इकलौता बेटा छीन लिया जिससे गांव में मातम पसरा हुआ है।। #newstodayhry @newstodayhry
