“नशे से नई ज़िंदगी की ओर: हिसार पुलिस ने 13 नशा पीड़ितों को उपचार से जोड़ा”
"नशे से नई ज़िंदगी की ओर: हिसार पुलिस ने 13 नशा पीड़ितों को उपचार से जोड़ा"

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में हिसार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त हिसार’ अभियान के तहत नशा मुक्ति पुलिस टीम ने थाना सदर हिसार क्षेत्र के गांव माइयड़ में व्यापक जनजागरूकता एवं उपचार अभियान चलाया। इस दौरान ग्रामीणों, युवाओं एवं नशा प्रभावित परिवारों से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
नशा मुक्तति टीम ने गांव में घर-घर जाकर नशा पीड़ितों एवं उनके परिजनों से मुलाकात की तथा उन्हें यह विश्वास दिलाया कि नशे की लत से बाहर निकलना संभव है, यदि समय रहते उपचार और परिवार का सहयोग मिल जाए। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों को पढ़ाई, खेलकूद, रोजगार एवं सामाजिक गतिविधियों की ओर प्रेरित करें, ताकि वे नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रह सकें।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं पारिवारिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों से नशा तस्करों एवं नशे के अवैध कारोबार से संबंधित सूचनाएं साझा करने का आग्रह किया गया और भरोसा दिलाया गया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
अभियान के दौरान एक नए नशा पीड़ित की पहचान की गई। वहीं दो नशा पीड़ितों को पहली बार सरकारी अस्पताल हिसार स्थित नशा मुक्ति केंद्र से एलोपैथिक उपचार शुरू करवाया गया। इसके अतिरिक्त छह नशा पीड़ितों को उनके घर जाकर पहली बार आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं, जबकि पांच नशा पीड़ितों को दूसरी बार सरकारी नशा मुक्ति केंद्र से दवाइयां दिलाकर उनकी नियमित चिकित्सा सुनिश्चित की गई।@newstodayhry #newstodayhry
इस प्रकार कुल 13 नशा पीड़ितों को घर-घर जाकर आयुर्वेदिक एवं एलोपैथिक उपचार, आवश्यक ब्लड टेस्ट तथा विशेषज्ञों द्वारा काउंसलिंग उपलब्ध करवाई गई, ताकि वे नशे की लत छोड़कर सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।
पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि “नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। हिसार पुलिस का उद्देश्य केवल नशा तस्करों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि नशे के शिकार लोगों को उपचार, परामर्श और सामाजिक सहयोग के माध्यम से नया जीवन देना भी है। जब समाज, परिवार और पुलिस मिलकर प्रयास करेंगे, तभी नशा मुक्त हिसार और नशा मुक्त हरियाणा का सपना साकार होगा।”
उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में है तो उसे छिपाने के बजाय उपचार के लिए प्रेरित करें तथा नशा तस्करों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। हिसार पुलिस समाज को सुरक्षित, स्वस्थ और नशामुक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।@newstodayhry #newstodayhry




