Haryana
Trending

31 किलो 200 ग्राम डोडा पोस्त व चूरा पोस्त रोडवेज बस से बरामद ll

31 किलो 200 ग्राम डोडा पोस्त व चूरा पोस्त रोडवेज बस से बरामद ll

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के निर्देशानुसार जिले में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना अग्रोहा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए हरियाणा रोडवेज की बस से 31 किलो 200 ग्राम डोडा पोस्त एवं चूरा पोस्त बरामद किया है। मामले में अज्ञात तस्करों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने बताया कि थाना अग्रोहा में तैनात एएसआई सुभाष चन्द्र अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त एवं अपराध नियंत्रण ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान ईआरवी-315 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि हरियाणा रोडवेज बस नंबर HR-46GV-8800 में कुछ लावारिस बैग पड़े हैं, जिनमें नशीले पदार्थ होने की आशंका है।
सूचना मिलते ही एएसआई सुभाष चन्द्र ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया तथा मौके पर पहुंचकर बस को अपने कब्जे में लिया। सूचना देने वाले पुलिस कर्मचारी, बस चालक एवं परिचालक ने बताया कि बस की पिछली सीट के नीचे एक संदिग्ध बैग मिला था। पूछताछ करने पर किसी भी यात्री ने बैग पर अपना दावा नहीं किया। बाद में बस की तलाशी लेने पर कुल चार लावारिस बैग बरामद हुए, जिन्हें अज्ञात व्यक्ति बस में छोड़कर फरार हो गए थे।
कानूनी प्रक्रिया के तहत नायब तहसीलदार बरवाला श्री रविन्द्र कुमार (राजपत्रित अधिकारी) को मौके पर बुलाया गया। उनकी उपस्थिति में बस की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान तीन बैगों से 21 किलो 100 ग्राम डोडा पोस्त तथा एक बैग से 10 किलो 100 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। इस प्रकार कुल 31 किलो 200 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया गया। बरामद नशीले पदार्थ को नियमानुसार सील कर कब्जे में लिया गया तथा पूरी कार्रवाई की ई-साक्ष्य (e-Sakshya) ऐप के माध्यम से वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी भी कराई गई।
इस संबंध में थाना अग्रोहा में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 15(बी), 61 एवं 85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उक्त नशीला पदार्थ किसने बस में रखा, इसका स्रोत क्या है तथा इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। सीसीटीवी फुटेज, बस के यात्रा विवरण एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि हिसार पुलिस नशा तस्करों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आमजन से भी अपील है कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की तस्करी अथवा बिक्री की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button