एसीपी दीपक सहारन ने मेडिकल नशा बेचने वालों पर दिए कड़े निर्देश ll
एसीपी दीपक सहारन ने मेडिकल नशा बेचने वालों पर दिए कड़े निर्देश ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने सोमवार को रोड़ी थाना क्षेत्र स्थित सिद्धू हेरिटेज होटल में मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारियों और मेडिकल स्टोर संचालकों के साथ अहम बैठक की। बैठक में एसपी ने दो टूक कहा कि यदि किसी मेडिकल स्टोर संचालक की नशे के कारोबार में संलिप्तता पाई गई या डॉक्टर की अधिकृत पर्ची के बिना प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री की गई तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। जरूरत पड़ने पर प्रशासन के सहयोग से मेडिकल स्टोर का पंजीकरण भी रद्द कराया जाएगा।एसपी दीपक सहारन ने कहा कि सिरसा पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और अब मेडिकल नशे की अवैध बिक्री पर भी पूरी सख्ती बरती जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस यूनिटों को अपने-अपने क्षेत्रों में खुफिया तंत्र मजबूत करने तथा संदिग्ध मेडिकल स्टोरों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग आर्थिक लाभ के लिए युवाओं और बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं, जिन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।एसपी ने चेतावनी दी कि यदि ड्रग इंजेक्शन या नशीले पदार्थों के सेवन से किसी व्यक्ति की मौत होती है तो पुलिस उसके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और लोकेशन की भी जांच करेगी। जांच में यदि किसी मेडिकल स्टोर संचालक की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।बैठक में एसपी ने मेडिकल स्टोर संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और अपराधियों तक पहुंचने में पुलिस को मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि हाल ही में सिरसा में पार्सल के जरिए फर्जी बिल तैयार कर पंजाब से मंगवाई गई 3 लाख 6 हजार नशीली गोलियां बरामद की गई थीं। पूछताछ के दौरान रोड़ी और सिरसा के कई मेडिकल स्टोर संचालकों के नाम सामने आए हैं। मामले की जांच जारी है और जिसकी भी संलिप्तता मिलेगी, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।एसपी ने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी मेडिकल स्टोर पर बिना डॉक्टर की पर्ची के नशीली या प्रतिबंधित दवाइयां बेची जा रही हों तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके। उन्होंने दोहराया कि सिरसा को नशा मुक्त बनाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।बैठक में मेडिकल एसोसिएशन के जिला प्रधान एम.एल. बजाज सहित रोड़ी क्षेत्र के मेडिकल स्टोर संचालकों ने पुलिस के नशा विरोधी अभियान में पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। एसपी ने कहा कि पुलिस और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सकता है। @newstodayhry #newstodayhry




