Haryana
Trending

मॉक ड्रिल में डबवाली पुलिस का दमदार प्रदर्शन ll

मॉक ड्रिल में डबवाली पुलिस का दमदार प्रदर्शन ll

डबवाली-(पंकज गोदारा):-जब चुनौती अचानक सामने आती है, तो उस समय तैयारी ही सबसे बड़ी ताकत बनती है । इसी तत्परता और पेशेवर दक्षता को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर के निर्देशानुसार आज पुलिस लाइन डबवाली में विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया । अभ्यास के दौरान पुलिस जवानों ने अनुशासन, साहस, संयम और त्वरित कार्रवाई का ऐसा तालमेल प्रस्तुत किया, जो किसी भी आपात स्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की तैयारियों को दर्शाता है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य पुलिस कर्मचारियों को दंगा, हिंसक भीड़, आपदा अथवा किसी भी अन्य आकस्मिक परिस्थिति में प्रभावी एवं कानून सम्मत तरीके से कार्रवाई करने के लिए प्रशिक्षित करना था । अभ्यास के दौरान पुलिस जवानों ने दंगा निरोधी उपकरणों के साथ भीड़ नियंत्रण, आपात प्रतिक्रिया और असामाजिक तत्वों से निपटने की रणनीतियों का व्यावहारिक अभ्यास किया।
प्रशिक्षकों, सीडीआई सब इंस्पेक्टर सुग्रीव सिंह व एएसआई गुलाब सिंह द्वारा पुलिस कर्मचारियों को दंगा निरोधी उपकरणों के उचित उपयोग, रखरखाव और सुरक्षित संचालन के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। जवानों ने केन शील्ड और अन्य सुरक्षा उपकरणों के साथ सामूहिक अभ्यास किया तथा भीड़ को नियंत्रित करने और स्थिति को कानून के दायरे में प्रभावी ढंग से संभालने की रणनीतियों का प्रदर्शन किया।
मॉक ड्रिल के दौरान आंसू गैस उपकरणों के संचालन तथा भीड़ नियंत्रण से संबंधित विभिन्न परिस्थितियों का अभ्यास भी करवाया गया । पुलिस कर्मचारियों को यह प्रशिक्षण दिया गया कि किसी भी तनावपूर्ण या आपात स्थिति में संयम बनाए रखते हुए न्यूनतम आवश्यक एवं कानून सम्मत बल का सही और प्रभावी उपयोग कैसे किया जाए । साथ ही, असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने का प्रयास किए जाने पर त्वरित कार्रवाई, स्थिति पर नियंत्रण तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।
पुलिस बल की वास्तविक शक्ति केवल उसके संसाधनों में नहीं, बल्कि उसकी तैयारी, अनुशासन और टीमवर्क में होती है। नियमित मॉक ड्रिल से पुलिस कर्मचारियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और आपात परिस्थितियों में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई की क्षमता विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस, प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय प्रभावी संकट प्रबंधन की कुंजी है। डबवाली पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है तथा किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
इस मॉक ड्रिल ने यह संदेश स्पष्ट किया कि डबवाली पुलिस हर परिस्थिति में सजग, सक्षम और तैयार है—जनता की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button