Haryana
Trending

प्रेम प्रसंग को लेकर युवक पर जानलेवा हमला, पांच आरोपी गिरफ्तार ll

प्रेम प्रसंग को लेकर युवक पर जानलेवा हमला, पांच आरोपी गिरफ्तार ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-शहर के आर्य समाज रोड स्थित डॉ. इंद्रजीत वाली गली में लेमिनेशन की दुकान संचालक युवक पर तेजधार हथियारों से किए गए जानलेवा हमले के मामले में सिरसा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। शहर थाना प्रभारी ने बताया कि घटना 27 जुलाई की रात की है। इस संबंध में बाजीगर मोहल्ला, रानियां चुंगी निवासी बॉबी कौर पत्नी बिरेंद्र सिंह ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार उनका सबसे छोटा बेटा रमेश कुमार पिछले दो वर्षों से डॉ. इंद्रजीत वाली गली में कार और मोटरसाइकिल लेमिनेशन की दुकान चलाता है। रमेश का पड़ोस में रहने वाली युवती से प्रेम प्रसंग था, जिसकी जानकारी दोनों परिवारों को थी। दोनों का रिश्ता भी तय हो चुका था और अक्टूबर माह में विवाह की तैयारी चल रही थी।शिकायत में आरोप लगाया गया कि युवती का भाई प्रिंस इस रिश्ते से नाराज था और वह पहले भी कई बार रमेश को रिश्ता तोड़ने की धमकी दे चुका था। 27 जुलाई की शाम प्रिंस अपने साथियों के साथ दुकान पर पहुंचा और तेजधार हथियारों तथा लाठी-डंडों से रमेश पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और दुकान में काफी खून बह गया। आसपास के दुकानदारों ने तुरंत उसे निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर प्रिंस सहित सात-आठ अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत शहर थाना सिरसा में मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों प्रिंस पुत्र भोला सिंह निवासी बाजीगर मोहल्ला नजदीक रानिया चुंगी सिरसा, विजय कुमार उर्फ काला पुत्र जनक राज निवासी रानियां गेट सिरसा, निखिल पुत्र गुरविंदर सिंह निवासी गुरु तेग बहादुर नगर सिरसा, जसकरण सिंह उर्फ करण सिंह पुत्र सोहन सिंह निवासी गुरु तेग बहादुर नगर सिरसा व मनदीप सिंह उर्फ दिप्पी पुत्र चिड़िया सिंह गांव अलीकां को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button