Haryana
Trending

एक सूचना, अपराध पर प्रहार – हिसार पुलिस के सहयोगी बनें :-एसपी सिद्धान्त जैन ll

एक सूचना, अपराध पर प्रहार - हिसार पुलिस के सहयोगी बनें :-एसपी सिद्धान्त जैन ll

हिसार-(अमित कुमार):-कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन की सक्रिय भागीदारी से अपराध नियंत्रण को नई गति देने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने एक महत्वपूर्ण जनहितकारी पहल की है। अब जिले का कोई भी नागरिक किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, संदिग्ध व्यक्ति, नशा तस्करी, चोरी, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा, साइबर अपराध, महिला एवं बाल अपराध, सड़क पर हुड़दंग, यातायात संबंधी समस्या अथवा कानून व्यवस्था से जुड़ी किसी भी सूचना को सीधे हिसार पुलिस तक पहुंचा सकता है।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने बताया कि मासिक मीडिया बैठक के दौरान पत्रकार साथियों द्वारा सुझाव दिया गया था कि आमजन के लिए ऐसे विशेष मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए जाएं, जिनके माध्यम से कोई भी नागरिक बिना किसी झिझक के सीधे पुलिस तक सूचना पहुंचा सके। जनहित में इस सुझाव को स्वीकार करते हुए पुलिस कंट्रोल रूम के लिए दो विशेष मोबाइल नंबर जारी किए गए हैं।
आमजन के लिए विशेष सूचना एवं व्हाट्सएप नंबर
📱 88140-12342
📱 88140-57100
इन दोनों नंबरों पर कोई भी नागरिक 24×7 कॉल कर सकता है। साथ ही व्हाट्सएप के माध्यम से फोटो, वीडियो, ऑडियो, लोकेशन अथवा अन्य महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा कर सकता है। प्राप्त प्रत्येक सूचना पर हिसार पुलिस द्वारा तत्काल संज्ञान लेकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
सूचना प्राप्त होते ही कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारी संबंधित थाना, चौकी अथवा शाखा के प्रभारी को तत्काल अवगत कराएंगे, ताकि बिना किसी विलंब के प्रभावी पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। प्रत्येक सूचना का विधिवत रिकॉर्ड भी संधारित किया जाएगा, जिससे उसकी मॉनिटरिंग और जवाबदेही सुनिश्चित रहे।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण तभी संभव है, जब पुलिस और आमजन मिलकर कार्य करें। यदि किसी व्यक्ति को अपने आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि, अपराध की योजना, नशा तस्करी, अवैध हथियार, साइबर अपराध या अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो वह बिना किसी संकोच के इन नंबरों पर सूचना दें। हर सूचना को गंभीरता से लिया जाएगा और त्वरित कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि हिसार पुलिस “जन सहयोग, जन विश्वास और जन सुरक्षा” की भावना के साथ कार्य कर रही है। यह पहल पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत करेगी तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
हिसार पुलिस की अपील:
“आपकी एक सूचना किसी बड़े अपराध को रोक सकती है, किसी परिवार को सुरक्षित रख सकती है और हिसार को अपराधमुक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। आइए, सुरक्षित और अपराधमुक्त हिसार के निर्माण में हिसार पुलिस का सहयोग करें।” @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button