खेल अपनाओ, नशे से दूर रहो:-डीएसपी कालांवाली ll
खेल अपनाओ, नशे से दूर रहो:-डीएसपी कालांवाली ll

डबवाली-(पंकज गोदारा):-पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर के मार्गदर्शन में नशा मुक्त एवं अपराध मुक्त समाज के निर्माण के लिए चलाए जा रहे जन जागरूकता अभियान के तहत उप पुलिस अधीक्षक कालांवाली श्री ललित कुमार ने खेल महाकुंभ कालांवाली में पहुंचकर खिलाड़ियों, युवाओं और खेल प्रेमियों से संवाद किया । इस दौरान उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का प्रेरणादायी संदेश दिया।
खेल मैदान में जोश, उत्साह और प्रतिस्पर्धा के बीच डीएसपी ललित कुमार ने कहा कि खेल केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि मन, विचार और व्यक्तित्व को भी मजबूत बनाते हैं। मैदान में बहाया गया पसीना जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है, जबकि नशा व्यक्ति के सपनों, परिवार और भविष्य को धीरे-धीरे समाप्त कर देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने जीवन का लक्ष्य ऊंचा रखें और अपनी ऊर्जा को खेल, शिक्षा तथा सकारात्मक कार्यों में लगाएं।
उन्होंने कहा कि आज समाज को ऐसे युवाओं की आवश्यकता है जो अपने गांव, अपने परिवार और अपने जिले की पहचान अपनी मेहनत और उपलब्धियों से बनाएं, न कि नशे जैसी बुराई का शिकार बनकर अपने भविष्य को अंधकारमय करें। खेल का मैदान अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना सिखाता है, जबकि नशा इन सभी गुणों को छीन लेता है।डीएसपी ललित कुमार ने उपस्थित युवाओं से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि जब कोई युवा नशे से दूर रहकर खेल के मैदान में कदम रखता है तो केवल एक खिलाड़ी नहीं बनता, बल्कि अपने परिवार की उम्मीद, समाज की प्रेरणा और राष्ट्र की ताकत बन जाता है। उन्होंने कहा कि हर युवा यह संकल्प ले कि वह स्वयं भी नशे से दूर रहेगा और अपने मित्रों व आसपास के लोगों को भी इस बुराई से बचाने का प्रयास करेगा।
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों के उत्साह की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि खेलों में भाग लेने वाला प्रत्येक युवा समाज के लिए प्रेरणा है। डबवाली पुलिस युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, स्वस्थ जीवन और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए खेलों एवं जन जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लगातार लोगों को जागरूक करती रहेगी।उन्होंने मौजूद लोगों से अपील करते हुए कहा कि उनके आस पास नशे के सेवन, तस्करी या नशे से जुड़ी अन्य गतिविधियां पाए जाने पर इसकी सूचना तुरंत मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 1933, डबवाली पुलिस के मो. न. 9138999748 या अपने नजदीकी थाना, चौकी में दें । ताकि समय रहते नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके । सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी । @newstodayhry #newstodayhry




