Haryana
Trending

युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जन-जागरूकता ही सबसे प्रभावी उपाय ll

युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जन-जागरूकता ही सबसे प्रभावी उपाय ll

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के सफल नेतृत्व एवं निर्देशानुसार जिला पुलिस की नशा मुक्ति टीम द्वारा नशे के खिलाफ लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना सदर क्षेत्र के गांव लाडवा में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।गांव लाडवा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 80 छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा उन्हें नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव, यातायात नियमों के पालन एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को नशा मुक्त समाज निर्माण की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एवं स्टाफ सदस्यों ने भी अपने विचार साझा करते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
नशा मुक्ति टीम ने गांव में घर-घर जाकर ग्रामीणों से संवाद किया तथा अभिभावकों से अपने बच्चों को नशे से दूर रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। टीम ने नशा पीड़ितों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें उपचार जारी रखने, समय पर दवा लेने तथा नशे की लत छोड़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही ग्रामीणों से नशा तस्करों के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की गई। टीम ने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अभियान के दौरान जिला हिसार क्षेत्र में 03 नए नशा पीड़ितों की पहचान की गई। इनमें से 02 नशा पीड़ितों को नागरिक अस्पताल हिसार से एलोपैथिक एवं आयुर्वेदिक उपचार उपलब्ध कराया गया। इसके अतिरिक्त 06 नशा पीड़ितों को पहली बार उनके घर जाकर आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं तथा 07 नशा पीड़ितों को नागरिक अस्पताल स्थित नशा मुक्ति केंद्र से दूसरी बार उपचार एवं दवाइयां दिलवाई गईं। कुल 15 नशा पीड़ितों का उपचार, आवश्यक ब्लड टेस्ट एवं काउंसलिंग करवाई गई ताकि वे नशे की लत से बाहर निकलकर सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन ने कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण केवल पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक, अभिभावक, शिक्षक एवं समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि कहीं भी नशे की खरीद-फरोख्त या तस्करी की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को अवगत कराएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button