Haryana
Trending

खेलों में चमके गोरीवाला के होनहार, एसपी जसलीन कौर ने किया सम्मानित ll

खेलों में चमके गोरीवाला के होनहार, एसपी जसलीन कौर ने किया सम्मानित ll

डबवाली-(पंकज गोदारा):-पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गोरीवाला के उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया, जिन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतर्राज्यीय स्तर की बास्केटबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स और योग प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है । इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली का सबसे सशक्त आधार हैं। जो युवा खेल मैदान में अपना समय और ऊर्जा लगाते हैं, वे जीवन में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते हैं और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से स्वतः दूर रहते हैं ।
उन्होंने कहा कि कुछ क्षणों का गलत निर्णय एक प्रतिभाशाली युवा का पूरा जीवन बर्बाद कर सकता है। इसके विपरीत खेल युवाओं को लक्ष्य, अनुशासन और सफलता का मार्ग दिखाते हैं। इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को खेल, शिक्षा और अच्छे संस्कारों को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों, परिवार तथा आसपास के युवाओं को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही नशा मुक्त एवं अपराध मुक्त डबवाली की सबसे बड़ी ताकत है। जब युवा खेल मैदान चुनेंगे, तब नशे के सौदागर स्वतः कमजोर पड़ेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि डबवाली पुलिस नशा तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के साथ-साथ युवाओं को खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। खेल प्रतियोगिताएं, जागरूकता कार्यक्रम, विद्यालयों एवं गांवों में संवाद तथा सामुदायिक गतिविधियां इसी अभियान का हिस्सा हैं।
अंत में पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित खिलाड़ियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनें और अपने गांव, विद्यालय तथा समाज में “खेलो, आगे बढ़ो और नशे से दूर रहो” का संदेश पहुंचाकर नशा मुक्त डबवाली के अभियान को और मजबूत बनाएं। डबवाली पुलिस आमजन से अपील करती है कि अगर आपके आस पास कोई व्यक्ति नशे के सेवन या तस्करी से जुड़ी गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो इसकी सूचना तुरंत मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 1933, डबवाली पुलिस के मो. न. 9138999748 या अपने नजदीकी थाना, चौकी में दें । सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। @newtodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button