सिरसा को नशामुक्त बनाने का संकल्प, 22 अगस्त को युवाओं की पदयात्रा ll
सिरसा को नशामुक्त बनाने का संकल्प, 22 अगस्त को युवाओं की पदयात्रा ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-एसपी दीपक सहारन ने बताया कि सिरसा जिला को नशामुक्त बनाने और युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने के उद्देश्य से 22 अगस्त 2026 को शहर में युवाओं की पदयात्रा आयोजित की जा रही है । यह पदयात्रा सुबह 10 बजे शहीद भगत सिंह स्टेडियम से शुरू होकर सुर्खाब चौक सिरसा तक पहुंचेगी । पुलिस अधीक्षक ने जिले के युवाओं और आमजन से इस जनजागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। एसपी साहब ने बताया की पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और समाज को नशे के खिलाफ एकजुट होने का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि आज नशा केवल किसी एक व्यक्ति या परिवार की समस्या नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज के सामने गंभीर चुनौती बन चुका है। ऐसे में युवाओं को नशे से बचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।उन्होंने कहा कि युवा देश और समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि युवा नशे की गिरफ्त से दूर रहेंगे और अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, रोजगार तथा रचनात्मक गतिविधियों में लगाएंगे तो परिवार मजबूत होंगे और समाज भी विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा। पदयात्रा के माध्यम से युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूरी बनाए रखने का संकल्प मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या का समाधान केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए आमजन, सामाजिक संगठनों, युवाओं, अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी। अभिभावकों को भी अपने बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान देने के साथ उन्हें सकारात्मक माहौल और सही दिशा देने की आवश्यकता है।उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पदयात्रा किसी व्यक्ति विशेष या वर्ग के खिलाफ नहीं है। इसका उद्देश्य केवल नशे की प्रवृत्ति के विरुद्ध जनजागरूकता पैदा करना और लोगों को इस सामाजिक बुराई के खिलाफ खड़ा करना है। उन्होंने कहा कि जब समाज एकजुट होकर नशे के खिलाफ आवाज उठाएगा, तभी इसके नशे के प्रभाव को प्रभावी ढंग से कम किया जा सकेगा। एसपी साहब ने जिले के नौजवानों से आह्वान किया कि वे 22 अगस्त को सुबह 10 बजे शहीद भगत सिंह स्टेडियम में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर पदयात्रा में शामिल हों । उन्होंने कहा कि युवाओं की बड़ी भागीदारी से यह संदेश जाएगा कि सिरसा का नौजवान नशे को ना और स्वस्थ जीवन को हां कहता है। जिलेवासियों से भी अभियान को समर्थन देने और अपने आसपास के युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई ।@newstodayhry #newstodayhry




