पुलिस बनकर 4 लाख की ठगी, उकलाना पुलिस ने 3 आरोपी दबोचे ll
पुलिस बनकर 4 लाख की ठगी, उकलाना पुलिस ने 3 आरोपी दबोचे ll

हिसार-(अमित कुमार):-हिसार पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना उकलाना पुलिस ने पुलिस कर्मचारी बनकर 4 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया है। मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा ठगी की रकम बरामद करने के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।इस बारे में प्रभारी थाना उकलाना PSI कुलदीप ने बताया की मामले में शिकायतकर्ता साहिल पुत्र नरेन्द्र कुमार, निवासी विद्या नगर, भिवानी ने शिकायत देकर बताया कि करीब 7-8 महीने पहले उसकी जान-पहचान आजाद पुत्र जगदीश, निवासी हसनगढ़ से हुई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार आजाद ने उसे कम रकम के बदले तीन गुना रकम देने का लालच दिया और 5 लाख रुपये के बदले 15 लाख रुपये देने की बात कही।शिकायत के अनुसार कल आजाद ने शिकायतकर्ता को पहले बरवाला और बाद में लितानी मोड़ तथा प्रभूवाला रोड पर बुलाया। शिकायतकर्ता अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। इसी दौरान दो युवक मोटरसाइकिल पर पहुंचे, जिनमें से एक ने अपना नाम सन्नी पुत्र शमशेर सिंह, निवासी बोबुआ तथा दूसरे ने राहुल, निवासी हसनगढ़ बताया। शिकायतकर्ता के अनुसार सन्नी ने 4 लाख रुपये की रकम चेक करने के बाद उसे राहुल के बैग में रख दिया।इसके कुछ समय बाद HR-10-AL-1899 नंबर की ग्रे रंग की अर्टिगा गाड़ी मौके पर पहुंची, जिसमें चार व्यक्ति सवार थे। शिकायतकर्ता के अनुसार इनमें से दो व्यक्तियों ने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी, जबकि एक व्यक्ति ने स्वयं को CIA स्टाफ का कर्मचारी बताया।शिकायतकर्ता एवं उसके साथियों को उक्त व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। उन्होंने राहुल सहित मौके पर मौजूद व्यक्तियों को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान शिकायतकर्ता के अनुसार बलजीत सिंह पुत्र रामेश्वरदास, निवासी प्रेमनगर नरवाना तथा राहुल, निवासी हसनगढ़ 4 लाख रुपये की रकम लेकर मौके से फरार हो गए।वहीं मौके पर शिकायतकर्ता एवं उसके साथियों ने नरेश कुमार पुत्र छज्जूराम, निवासी नरवाना, सिकन्दर पुत्र शिवचरण, निवासी टोहाना रोड नरवाना तथा रोबिन पुत्र अमर सिंह, निवासी हिसार को काबू कर लिया। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को पुलिस के हवाले किया गया।थाना उकलाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 205, 204, 316(2), 318(4), 61 BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा शिकायतकर्ता से ली गई 4 लाख रुपये की रकम की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई अर्टिगा गाड़ी को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। जांच के दौरान गाड़ी से दो अलग-अलग नंबर प्लेट मिलने की बात भी सामने आई है। पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि पुलिस की वर्दी का दुरुपयोग कर आमजन को डराने-धमकाने अथवा ठगी करने वालों के खिलाफ हिसार पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति स्वयं को पुलिस कर्मचारी बताकर संदिग्ध तरीके से पैसे मांगता है तो उसकी पहचान का सत्यापन करें और तुरंत पुलिस को सूचना दें।
एसपी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि कम रकम के बदले कुछ ही समय में कई गुना रकम देने का लालच ठगी का बड़ा माध्यम हो सकता है। ऐसे लालच में आकर किसी अनजान व्यक्ति को बड़ी रकम न दें तथा किसी भी संदिग्ध वित्तीय लेन-देन से पहले पूरी तरह जांच-पड़ताल करें।मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ इस वारदात में शामिल अन्य व्यक्तियों तथा आरोपियों द्वारा पूर्व में की गई ऐसी अन्य वारदातों के संबंध में भी गहनता से जांच की जा रही है।@newstoday #newstodayhry




