Haryana
Trending

नशे के खिलाफ सिरसा में बड़ा अभियान, SP दीपक सहारन की अगुवाई में निकली भव्य पदयात्रा ll

नशे के खिलाफ सिरसा में बड़ा अभियान, SP दीपक सहारन की अगुवाई में निकली भव्य पदयात्रा ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-नशे के खिलाफ सिरसा पुलिस प्रशासन और सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने एकजुट होकर शहर में जागरूकता की अलख जगाई। बरनाला रोड स्थित शहीद भगत सिंह स्टेडियम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए भव्य पदयात्रा निकाली गई। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए स्वयं पैदल शामिल होकर युवाओं का उत्साह बढ़ाया । इस दौरान युवाओं ने नशे से दूर रहने और नशा मुक्त सिरसा बनाने का संकल्प लिया । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एसपी दीपक सहारन का सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों की ओर से स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। एसपी दीपक सहारन ने कहा कि नशा किसी एक व्यक्ति की समस्या नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा दुश्मन है । नशे की चपेट में आने से युवा का भविष्य खराब होने के साथ पूरा परिवार और समाज भी प्रभावित होता है । इसलिए नशे के खिलाफ लड़ाई में हर व्यक्ति को अपनी अहम जिम्मेदारी निभानी होगी ।

खेल और शिक्षा की ओर बढ़ाएं कदम-एसपी दीपक सहारन ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं। खेल, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपने भविष्य को मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति अगर नशे के खिलाफ हुंकार भर दे तो वह दिन दूर नहीं, जब सिरसा पूरी तरह नशा मुक्त होगा। नशे को छोड़कर स्वच्छ और स्वस्थ जीवन से नाता जोड़ना ही युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का रास्ता है । उन्होंने कहा कि यदि किसी परिवार या मोहल्ले में कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में है तो उसे नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। पुलिस प्रशासन नशे के आदी युवाओं को मुख्यधारा में वापस लाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है और जरूरतमंदों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।

नशा बेचने वालों का करें सामाजिक बहिष्कार-एसपी ने कहा कि नशा बेचने वालों का सामाजिक बहिष्कार किया जाना चाहिए। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशीले पदार्थ बेचता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने अपना व्हाट्सएप नंबर 88140-11600 जारी करते हुए कहा कि इस नंबर पर नशा तस्करी से संबंधित सूचना दें सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी । उन्होंने कहा कि नशा तस्करों की असली जगह जेल है और युवाओं की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। एसपी ने कहा कि अभी भी कुछ लोग मेडिकल नशे को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों पर भी पुलिस की नजर है। उन्होंने मेडिकल या अन्य प्रकार का नशा बेचने वालों की सूचना पुलिस को देने की अपील की, ताकि उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

करीब 750 नशा तस्करों को भेजा जेल-एसपी दीपक सहारन ने कहा कि सिरसा में उनके कार्यकाल के दौरान करीब 750 नशा तस्करों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा जा चुके है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे का जहर बेचकर युवाओं की जिंदगी बर्बाद करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।उन्होंने सामाजिक और धार्मिक संगठनों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि अन्य संगठन भी इससे प्रेरणा लेकर अपने-अपने गांवों और शहरों को नशा मुक्त बनाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पुलिस और समाज मिलकर ही नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं,जिला पुलिस अपने स्तर पर हर घर नशामुक्त संदेश पंहुचाकर युवाओं एवं आमजन को जागरुक कर रही है ।

स्टेडियम से सुर्खाब चौक तक निकली पदयात्रा-एसपी की अगुवाई में पदयात्रा शहीद भगत सिंह स्टेडियम से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए सुर्खाब चौक पहुंची। यहां लोगों ने फूल मालाओं से पदयात्रा का स्वागत किया। इस दौरान युवाओं ने नशे के खिलाफ जोरदार नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया और नशा मुक्त सिरसा बनाने का संकल्प लिया। पदयात्रा में बाबा भूमन शाह डेरा प्रमुख पूज्य बाबा ब्रह्म दास जी महाराज, नशा मुक्ति सेना के संस्थापक भाई भवानी सिंह, आईसीएस शिक्षण संस्थान के प्रमुख परिमल सर, साध्वी राज राजेश्वरी सहित सभी वक्ताओं ने अपनी-अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नशामुक्त समाज बनाने के लिए युवाओं को संकल्प लेना होगा तभी हम नशा मुक्त समाज की कल्पना कर सकते है । नशामुक्त समाज बनाने के लिए हम सब को एकजुट होकर इस लड़ाई को लड़ना होगा । इस अवसर पर सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि मुख्य रुप से मौजूद रहे। पदयात्रा ने शहर में नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश देते हुए युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।@newstoday #Newstodayhry

Related Articles

Back to top button