
भिवानी-(अभिषेक ठाकुर ):-भिवानी की सेवानगर बस्ती में कथित धर्म परिवर्तन को लेकर विवाद सामने आया है। बजरंग दल के प्रदेश सह-संयोजक ललित बजरंगी ने आरोप लगाया कि पिछले करीब तीन सप्ताह से चंगाई सभा के माध्यम से लोगों का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। उनका दावा है कि शिकायत मिलने के बाद कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे, जहां करीब 25 से 30 लोग एकत्रित होकर सभा कर रहे थे।ललित बजरंगी के अनुसार, मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने खुद को ईसाई धर्म से जुड़ा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने वहां चल रही गतिविधि को लेकर सवाल उठाए, तो सिविल ड्रेस में मौजूद रोहित नामक व्यक्ति ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और कथित तौर पर आपत्तिजनक बातें कहीं। ललित बजरंगी ने इसे पुलिस की गुंडागर्दी बताया और कार्रवाई की मांग की।वहीं, पुलिस अधिकारी कुलदीप ने बताया कि पिछले रविवार को मिली शिकायत के संबंध में दोनों पक्षों को पुलिस थाने बुलाकर जांच की गई। दोनों पक्षों के बीच आज कोई समझौता नहीं हो सका है और मामले की आगे की जांच के लिए बुधवार का समय तय किया गया है। पुलिस के दुर्व्यवहार के आरोपों पर अधिकारी ने कहा कि पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया। शोर-शराबा होने पर केवल लोगों को शांतिपूर्वक बात करने के लिए कहा गया था।दूसरी ओर, प्रार्थना सभा आयोजित करने वाली सुनीता ने धर्म परिवर्तन के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया। उनका कहना है कि वह पिछले 25 वर्षों से यीशु मसीह के नाम से प्रार्थना और सत्संग कर रही हैं। सुनीता के मुताबिक, पिछले रविवार को उनके घर में 18 महिलाएं और 6 बच्चे, यानी कुल 24 लोग मौजूद थे और शांतिपूर्वक प्रार्थना कर रहे थे।सुनीता ने आरोप लगाया कि बाहर से आए बजरंग दल के कुछ लोगों ने जबरन दरवाजा खटखटाया, वीडियो बनाया और पहचान-पत्र व अनुमति की मांग की। उन्होंने धमकी देने के भी आरोप लगाए। सुनीता का कहना है कि उनके घर में किसी तरह का अवैध धर्मांतरण या दबाव नहीं कराया जा रहा था और संविधान के तहत हर व्यक्ति को अपनी धार्मिक मान्यताओं के अनुसार प्रार्थना करने का अधिकार है।फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत और आरोपों की जांच कर रही है। मामले में बुधवार को होने वाली अगली कार्रवाई के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।। #Newstodayhry @Newstodayhry




