बाइक देने से किया इनकार तो सिर पर मार दी रॉड, आरोपी गिरफ्तार ll
बाइक देने से किया इनकार तो सिर पर मार दी रॉड, आरोपी गिरफ्तार ll

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन के निर्देशानुसार हिसार पुलिस द्वारा अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अर्बन एस्टेट पुलिस ने मारपीट कर व्यक्ति को घायल करने, जान से मारने की धमकी देने तथा उसकी मोटरसाइकिल लेकर फरार होने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है।थाना अर्बन एस्टेट पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता राकेश पुत्र सुरजीत निवासी क्रांति नगर, तेल डिपो फाटक, निरंकारी भवन रोड, हिसार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दिनांक 19 अगस्त 2026 को वह अपनी मोटरसाइकिल नंबर HR20AX8935 Hero Splendor Plus पर डबल फाटक के पास मीट की दुकान पर गया था। वहां दुकान पर मौजूद राजेश पुत्र महेन्द्र सिंह निवासी चुन्ना भट्ठी, कृष्णा नगर, हिसार ने उससे मोटरसाइकिल मांगी। मोटरसाइकिल देने से मना करने पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की और दुकान से लोहे की रॉड उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया।मामले में प्राप्त चिकित्सकीय रिपोर्ट (MLR) तथा शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अभियोग दर्ज किया। मामले में कार्रवाई करते हुए थाना अर्बन एस्टेट के सहायक उप निरीक्षक रामजी लाल ने आरोपी राजेश पुत्र महेन्द्र सिंह निवासी चुन्ना भट्ठी, कृष्णा नगर, हिसार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयोग की गई लोहे की रॉड बरामद कर ली है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले की आगामी जांच जारी है तथा वारदात से संबंधित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी : एसपी सिद्धान्त जैन
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि हिसार पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मारपीट, धमकी, जबरदस्ती अथवा किसी की संपत्ति लेकर फरार होने जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को कानून के शिकंजे से बचने नहीं दिया जाएगा।




