गांव-गांव पहुंची हिसार पुलिस की नशा मुक्ति टीम, ग्रामीणों को किया जागरूक II
गांव-गांव पहुंची हिसार पुलिस की नशा मुक्ति टीम, ग्रामीणों को किया जागरूक II

हिसार-(अमित कुमार):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के सफल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में हिसार पुलिस की नशा मुक्ति टीम द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता एवं उपचार अभियान को लगातार गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना अग्रोहा क्षेत्र के गांव चिकनवास व ठसका में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया गया।
नशा मुक्ति टीम द्वारा दोनों गांवों में नुक्कड़ सभाओं का आयोजन कर उपस्थित ग्रामीणों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे नशे के खिलाफ पुलिस के अभियान में सक्रिय सहयोग करें और अपने आसपास के युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए जागरूक करें, ताकि कोई भी युवक नशे की गिरफ्त में आकर अपना भविष्य बर्बाद न करे। अभियान के दौरान टीम द्वारा ग्रामीणों से नशा तस्करों एवं नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की गई। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को विश्वास दिलाया कि नशा तस्करी से संबंधित सूचना पुलिस तक पहुंचाने वाले लोगों की जानकारी को गोपनीय रखा जाएगा तथा नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। #newstodayhry @newstodayhry
इसी दौरान गांव चिकनवास में 01 नशा पीड़ित की पहचान की गई। नशा मुक्ति पुलिस टीम हिसार द्वारा जिला हिसार क्षेत्र के कुल 06 नशा पीड़ितों को उनके घर जाकर पहली बार आयुर्वेदिक दवाई उपलब्ध करवाई गई, ताकि उन्हें नशे की लत से बाहर निकालने की दिशा में उपचारात्मक सहयोग मिल सके। नशा मुक्ति टीम द्वारा ग्रामीणों को यह संदेश भी दिया गया कि नशे की समस्या से जूझ रहे व्यक्ति को अपराधी मानकर उससे दूरी बनाने के बजाय उसे उपचार और सही मार्गदर्शन दिलाने में सहयोग करना आवश्यक है। पुलिस का उद्देश्य नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ नशे की गिरफ्त में आए लोगों को समाज की मुख्यधारा में वापस लाने के लिए हरसंभव प्रयास करना है।
एसपी हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने कहा कि-
नशे के खिलाफ हिसार पुलिस का अभियान केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि जागरूकता, पहचान, उपचार और पुनर्वास के प्रयास भी समान रूप से जारी हैं। युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस और समाज को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि नशा तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और अपने गांव को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। नशा मुक्ति टीम द्वारा अभियान के दौरान जागरूकता, नशा पीड़ितों की पहचान तथा उपचार संबंधी सहायता के लिए भरसक प्रयास किए गए और ग्रामीणों से नशे के खिलाफ सामूहिक रूप से खड़े होने का आह्वान किया गया। #newstodayhry @newstodayhry



