स्कूल में लगी आग तो कैसे बचें? फायर टीम ने बच्चों को सिखाए बचाव के तरीके II
स्कूल में लगी आग तो कैसे बचें? फायर टीम ने बच्चों को सिखाए बचाव के तरीके II

रानियां-(अमन बांसल):- डीपी मेमोरियल स्कूल सादेवाला में विद्यार्थियों और स्टाफ को आग से बचाव तथा आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक करने के लिए फायर सेफ्टी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रानियां से खंड अग्निशमन अधिकारी श्याम सुंदर के नेतृत्व में फायरमैन दारा सिंह व रमिन्दर कुमार तथा अग्निशामक वाहन चालक सुभाष कक्कड़ सहित फायर सेफ्टी टीम ने भाग लिया। अग्निशमन अधिकारी श्याम सुंदर ने बच्चों को बताया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय शांत रहकर समझदारी से काम लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि आग की घटना होने पर सबसे पहले स्वयं को सुरक्षित स्थान पर ले जाना चाहिए और आसपास मौजूद लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को आग से बचाव के उपायों तथा आपात स्थिति में सुरक्षित स्थान तक पहुंचने के बारे में जानकारी दी। फायर सेफ्टी टीम ने विद्यार्थियों और स्टाफ को आग लगने के संभावित कारणों, बचाव के तरीकों और आपातकालीन स्थिति में अपनाए जाने वाले जरूरी कदमों के बारे में विस्तार से बताया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम के दौरान दी गई जानकारी को ध्यानपूर्वक सुना। विद्यालय प्रबंधन ने फायर सेफ्टी टीम का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। प्रबंधन ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना बढ़ाते हैं। #newstodayhry @newstodayhry




