#haryanagorvmentsirsa
Trending

स्कूल ने मारी बाजी! सौंदर्यकरण प्रतियोगिता में GSSS कुस्सर बना नंबर-1

स्कूल ने मारी बाजी! सौंदर्यकरण प्रतियोगिता में GSSS कुस्सर बना नंबर-1

सिरसा :- (अक्षित कम्बोज) खंड स्तरीय विद्यालय सौंदर्यकरण प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुस्सर ने खंड रानियां में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि प्राचार्य एवं खंड शिक्षा अधिकारी राजकुमार अरोड़ा के मार्गदर्शन तथा विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों के सामूहिक प्रयासों, समर्पण और मेहनत का परिणाम है। विद्यालय कार्यभार प्रभारी संदीप कुमार चांदना के कुशल नेतृत्व में स्टाफ सदस्यों ने विद्यालय के प्रत्येक क्षेत्र को सुंदर, स्वच्छ, व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के लिए विशेष प्रयास किए। संदीप कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा जारी दिशा-निदेर्शों के अनुरूप ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान उन्होंने स्वयं विद्यालय में रहकर पेंट, मरम्मत एवं अन्य आवश्यक सौंदर्यकरण कार्यों को पूर्ण करवाया। उन्होंने समस्त स्टाफ को विद्यालय के प्रत्येक कोने को बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रेरित किया। इस अभियान में स्वच्छता नोडल राकेश कुमार, इको क्लब प्रभारी सुलखन राम एवं मांगी लाल ने विद्यार्थियों को साथ लेकर स्वच्छता, हरियाली एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय कार्य किया। पुस्तकालय को सुव्यवस्थित रखने में गायत्री मैम, साइंस लैब के संचालन में रचना मैम, एस्ट्रोनॉमी लैब में पवन कुमार (हिंदी), एटीएल में पवन कुमार (गणित) तथा व्यावसायिक प्रयोगशालाओं के संचालन में वीटी मांगी लाल एवं नेहा रानी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मध्याह्न भोजन योजना के अंतर्गत मीनू मेहता, बलराज सिंह, पालाराम एवं समस्त कुक-कम-हेल्पर ने स्वच्छता एवं साफ-सफाई बनाए रखने में सराहनीय भूमिका निभाई। इसके साथ साथ समस्त स्टाफ साथियों ने अपनी नेक कमाई में से योगदान देकर शहीद भगत सिंह की जीर्ण शीर्ण प्रतिमा की मरम्मत करवाकर मिसाल कायम की। वहीं मनजीत कुमारी मैम ने अनूप सिंह, सुदेश मैम, अर्चना मैम, रामकिशन, पूनम गोदारा, पूनम बाला, किरण, राकेश एवं राजवीर के सहयोग से विद्यालय में अनुशासन एवं सुव्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके अतिरिक्त सभी कक्षा प्रभारियों ने वकील, विकास एवं वीरपाल के सहयोग से अपने-अपने कक्षाओं की साफ-सफाई एवं व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाई। प्रत्येक स्टाफ सदस्य ने अपनी भूमिका को पूरी निष्ठा से निभाते हुए इस सामूहिक अभियान को सफलता तक पहुंचाया। संदीप कुमार ने इस उपलब्धि पर समस्त स्टाफ सदस्यों एवं विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरी टीम की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से राजकुमार अरोड़ा के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन, स्वच्छता और सकारात्मक वातावरण का केंद्र होता है। प्रथम स्थान प्राप्त करना हमारे लिए गर्व का विषय है, लेकिन हमारा लक्ष्य केवल पुरस्कार हासिल करना नहीं, बल्कि विद्यालय को निरंतर बेहतर बनाना है। विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि इस उपलब्धि को एक पड़ाव मानकर भविष्य में भी शिक्षा की गुणवत्ता, स्वच्छता, हरियाली, अनुशासन एवं शैक्षणिक सुविधाओं के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए जाएंगे। सामूहिक प्रयासों से मिली यह सफलता निश्चित रूप से अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण बनेगी।
फोटो:

Related Articles

Back to top button