पहले मांगी रंगदारी, फिर दी हत्या की धमकी, दोनों आरोपी अमृतसर के
पहले मांगी रंगदारी, फिर दी हत्या की धमकी, दोनों आरोपी अमृतसर के
कैथल :- ( बलिंदर कुमार ) पुलिस ने एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने तथा रंगदारी की रकम न देने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद काबू किया है। वीरवार सुबह एंटी-एक्सटॉर्शन सेल की टीम और आरोपियों के बीच पाडला-गुहणा रोड पर मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों आरोपियों को पैर में गोली लगी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को काबू कर उपचार के लिए नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचाया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुरकिरत सिंह और कर्मबीर सिंह निवासी जिला अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना सदर क्षेत्र के गांव पाडला निवासी एक व्यक्ति से आरोपियों द्वारा एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। आरोपियों ने रंगदारी की रकम नहीं देने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। इस संबंध में मामला सामने आने के बाद कैथल पुलिस ने गंभीरता से कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एंटी-एक्सटॉर्शन सेल की टीम लगातार आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। वीरवार सुबह एंटी-एक्सटॉर्शन सेल प्रभारी एएसआई तरसेम कुमार की टीम को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पाडला-गुहणा रोड पर कार्रवाई की। इसी दौरान पुलिस टीम का आरोपियों से आमना-सामना हो गया और दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों को पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें काबू कर लिया। पुलिस ने बिना देरी किए दोनों घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी गांव पाडला निवासी उक्त व्यक्ति पर हमला करने के इरादे से आए थे। कैथल पुलिस की सतर्कता और समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित वारदात को टाल दिया गया तथा दोनों आरोपियों को काबू कर लिया गया। दोनों आरोपी पंजाब के अमृतसर जिले के रहने वाले हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि रंगदारी मांगने की वारदात में इनके साथ अन्य कौन-कौन व्यक्ति शामिल हैं तथा इनके आपराधिक नेटवर्क के तार कहां तक जुड़े हुए हैं। पुलिस आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच करेगी। कैथल पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। रंगदारी, धमकी और संगठित अपराध जैसी गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन से अपील है कि किसी भी प्रकार की रंगदारी या धमकी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।





