6 दिन से धरने पर युवा किसान! प्रशासन से क्या मांगII
6 दिन से धरने पर युवा किसान! प्रशासन से क्या मांगII

ऐलनाबाद – ( कुलदीप मुंदलिया ):– ढाणी शेरावाली भाखड़ा डिस्ट्रीब्यूटरी की टेल के अंतिम चार गांवों में पेयजल उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर मिठनपुरा नहर पुल पर युवा किसानों का रात्रिकालीन धरना छठे दिन भी शांतिपूर्ण तरीके से लगातार जारी है। भयंकर ठंड, सर्द हवाओं और कठिन परिस्थितियों के बावजूद युवा किसान कुलदीप मुंदलिया एवं नौरंग लाल भांभू मिठनपुरा पूरी मजबूती के साथ धरने पर डटे हुए हैं।करीब 20 हजार लोगों की आबादी वाले क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर दो युवा किसान इस संघर्ष की अगुवाई कर रहे हैं। यह आंदोलन केवल पानी की मांग नहीं, बल्कि हजारों लोगों के जीवन, पशुधन और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ी लड़ाई है। संविधान और शहीद भगत सिंह के विचारों से प्रेरित संघर्ष धरने पर बैठे युवा किसान कुलदीप मुंदलिया एवं नौरंग लाल भांभू ने बातचीत के दौरान कहा कि वे शहीद भगत सिंह के पदचिह्नों पर चलने वाली क्रांतिकारी सोच रखने वाले युवा किसान हैं। वे संविधान का अध्ययन करते हैं और शहीद भगत सिंह के विचारों तथा जीवन संघर्ष से प्रेरणा लेते हैं। उन्होंने कहा कि वे कानून का पालन करना जानते हैं और लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों की मांग कर रहे हैं। युवा किसानों ने कहा कि संख्या भले ही कम हो, लेकिन उनके हौसले बुलंद हैं। चारों गांवों के जलघरों के टैंक पूरी तरह भरवाने की मांग को लेकर उनका धरना शांतिप्रिय तरीके से जारी रहेगा। जलघरों में मात्र 35 से 40 प्रतिशत पानी पहुंचने की रिपोर्ट युवा किसानों ने बताया कि 29 नवंबर रविवार सुबह तक मिली जानकारी के अनुसार चारों गांवों के जलघरों के टैंक मात्र 35 से 40 प्रतिशत तक ही भरे हैं, जो पेयजल की जरूरत के हिसाब से बेहद कम है। उन्होंने नहरी विभाग एवं जिला प्रशासन से मांग की कि भाखड़ा नहर को निर्धारित अवधि 29 नवंबर से दो दिन अतिरिक्त चलाया जाए, ताकि अंतिम टेल के चारों गांवों के जलघरों के टैंक पूरी तरह पेयजल से भर सकें और ग्रामीणों को पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके। चार गांवों के ग्रामीणों और किसान साथियों का मिल रहा समर्थन धरने को किशनपुरा, मिठनपुरा, ढाणी शेरावाली और कर्मशाना सहित हरियाणा, राजस्थान एवं पंजाब के किसान आंदोलन से जुड़े साथियों का लगातार समर्थन मिल रहा है। अनेक किसान फोन कॉल के माध्यम से युवा किसानों का हौसला बढ़ा रहे हैं और उनके संघर्ष को सलाम कर रहे हैं। इस दौरान कर्मशाना से चेतराम झौरड़, राजेंद्र मुंदलिया, हनुमान सहू,राकेश कसवाँ,विक्रम सेन, किशनपुरा से मोहनलाल चौहान, काशीराम सहारण, मिठनपुरा से जगतार सिंह संरा, वेद पूनिया, नरेश रूहिल सहित अनेक ग्रामीणों ने दोनों युवाओं के संघर्ष की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि इतनी भयंकर ठंड में लगातार छह दिनों से धरने पर बैठकर हजारों लोगों के लिए पेयजल की मांग करना वास्तव में साहस और जनसेवा का कार्य है। यदि ये युवा धरने पर नहीं बैठते तो शायद इस बार भी टेल के गांवों तक पेयजल नहीं पहुंच पाता। चार महीने से पेयजल संकट, भारी टीडीएस वाला पानी पीने को मजबूर ग्रामीण ग्रामीणों ने बताया कि पिछले करीब चार महीनों से गांवों में पेयजल की भारी समस्या बनी हुई थी। ग्रामीणों को मजबूरी में उच्च टीडीएस वाला भूजल पीना पड़ रहा था। उनका कहना है कि दूषित एवं खारे पानी के कारण अनेक परिवारों में स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ रही हैं। नहर में पानी पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने दोनों युवा किसानों के जज्बे को सलाम करते हुए उनका हौसला बढ़ाया। ग्रामीणों का कहना है कि यह संघर्ष किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि चार गांवों की लगभग 20 हजार आबादी को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए किया जा रहा है। युवा किसानों का कहना है कि जब तक चारों गांवों के जलघरों के टैंक पूरी तरह नहीं भरवाए जाते, तब तक पेयजल के अधिकार की यह शांतिपूर्ण लड़ाई जारी रहेगी। संख्या कम हो सकती है, लेकिन जनहित के संघर्ष में हौसले कभी कम नहीं होंगे। #newstodayhry @newstodayhry



