PUNJAB
Trending

युवा शक्ति से नशे को चुनौती महाराणा प्रताप महिला महाविद्यालय में एसपी ने जगाई जागरूकता की अलख।।

युवा शक्ति से नशे को चुनौती महाराणा प्रताप महिला महाविद्यालय में एसपी ने जगाई जागरूकता की अलख।।

डबवाली-( पंकज गुदारा ):- युवाओं को जागरूक बनाकर ही नशा मुक्त, सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है, इसी ध्येय के साथ अंतरराष्ट्रीय नशा एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस (26 जून) के उपलक्ष्य में हरियाणा पुलिस द्वारा 11 जून से 26 जून तक चलाए जा रहे “नशामुक्त हरियाणा जागरूकता पखवाड़ा” के तहत आज पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, आईपीएस ने महाराणा प्रताप महिला महाविद्यालय, मंडी डबवाली में पहुंचकर छात्राओं को नशा, साइबर अपराध एवं महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।महाराणा प्रताप जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशा समाज और राष्ट्र दोनों के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “नशामुक्त हरियाणा जागरूकता पखवाड़ा” के अंतर्गत प्रदेशभर में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, ताकि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाकर उन्हें सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित किया जा सके। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि डबवाली पुलिस नशे के विरुद्ध तीन स्तरीय मॉडल पर कार्य कर रही है। एक ओर नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार सख्त कानूनी कार्रवाई, अवैध नेटवर्क को ध्वस्त करना व नशे से अर्जित अवैध संपत्ति पर शिकंजा कसा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जागरूकता अभियानों के तहत युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों व अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना और साथ ही नशा पीड़ित व्यक्तियों को उपचार एवं पुनर्वास की ओर कदम बढ़ाने में पूरी मेहनत व लगन के साथ लगी हुई है । उन्होंने मौजूद छात्राओं व अध्यापकों से अपील की कि यदि उन्हें कहीं भी नशा तस्करी अथवा मादक पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 1933, डबवाली पुलिस के मो. न. 9138999748 व अपने नजदीकी थाना, चौकी में सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी । साइबर अपराध विषय पर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में साइबर ठगी के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है । छात्राओं को किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने, सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचने तथा ओटीपी, बैंक खाते अथवा पासवर्ड संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई। उन्होंने बताया कि साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
महिला सुरक्षा के संबंध में पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, पीछा करने या महिला विरुद्ध अपराध की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करें। इस अवसर पर महिला हेल्पलाइन 1091 तथा आपातकालीन सेवा 112, ट्रिप मॉनिटरिंग सर्विस के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधीक्षक द्वारा विस्तारपूर्वक उत्तर दिया गया। उन्होंने छात्राओं से सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता फैलाने, कानून का सम्मान करने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बनने का आह्वान किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने महाविद्यालय प्रांगण में पक्षियों के लिए पानी के सकोरे लगाकर जीवों के प्रति संवेदनशील रहने व इस गर्मी के मौसम में अपने घरों में पक्षियों के लिए खाने की सामग्री व पानी रखने की अपील की । इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक के साथ महिला थाना प्रभारी उप नि. सुशीला देवी, चौकी गोलबाजार प्रभारी उप नि. गुरपाल सिंह व अन्य कर्मचारियों सहित महाविद्यालय प्रधानाचार्य गिरधारी लाल व महाविद्यालय स्टाफ व बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।। #Newstodayhry @Newstodayhry

Related Articles

Back to top button