डबवाली पुलिस ने योग दिवस पर दिया खास संदेश—योग अपनाओ, नशा छोड़ो II
डबवाली पुलिस ने योग दिवस पर दिया खास संदेश—योग अपनाओ, नशा छोड़ो II


डबवाली-(पंकज गोदारा):- “नशा मुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान” के तहत पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, आईपीएस के मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज अनाज मंडी डबवाली में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को योग के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के चेयरमैन श्री रोहतास जांगड़ा उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य रूप से पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर आईपीएस, उप पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कटारिया, योगाचार्य कुलविंदर सिंह चहल, डॉ. हरसिमरनजीत सिंह एएसएमओ सिविल अस्पताल डबवाली सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। योगाचार्य कुलविंदर सिंह चहल के निर्देशन में उपस्थित पुलिस कर्मचारियों व आम नागरिकों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनाव, चिंता और अनेक बीमारियों से दूर रखने में सहायक होता है तथा आत्मविश्वास और मानसिक एकाग्रता को बढ़ाता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने, अपने परिवार एवं समाज को योग के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया। डबवाली पुलिस ने आमजन से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ, जागरूक तथा सकारात्मक समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। #newstodayhry @newstodayhry



