Haryana
Trending

योग दिवस पर हिसार बना स्वास्थ्य जागरूकता का केंद्र, मंत्री और एसपी ने किया नेतृत्व II

योग दिवस पर हिसार बना स्वास्थ्य जागरूकता का केंद्र, मंत्री और एसपी ने किया नेतृत्व II

हिसार(अमित कुमार ):- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज हिसार के टाउन पार्क में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। वहीं पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धांत जैन ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा उपस्थित लोगों को योग के महत्व के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6 बजे हुआ और यह सुबह 8 बजे तक चला। योग सत्र के दौरान आयुष विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान क्रियाओं का अभ्यास करवाया। साथ ही उन्होंने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन ने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली में योग एक ऐसा माध्यम है जो व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित तथा भावनात्मक रूप से सशक्त बनाता है। योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक सकारात्मक पद्धति है जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से तनाव, चिंता और विभिन्न जीवनशैली संबंधी बीमारियों से बचाव संभव है। योग शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित कर व्यक्ति को स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाता है। पुलिस कर्मियों के लिए भी योग अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि उनकी ड्यूटी चुनौतीपूर्ण एवं तनावपूर्ण परिस्थितियों में होती है। नियमित योगाभ्यास उन्हें मानसिक दृढ़ता, आत्मसंयम तथा बेहतर कार्यक्षमता प्रदान करता है। श्री जैन ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन के लिए योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति प्रेरित करें। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग दिवस के आयोजन ने स्वास्थ्य, जागरूकता एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया। #newstodayhry @newstodayhry

Related Articles

Back to top button