अग्रोहा में हिसार पुलिस का जागरूकता अभियान, नशे और साइबर ठगी के खिलाफ ग्रामीणों को किया सतर्क ll
अग्रोहा में हिसार पुलिस का जागरूकता अभियान, नशे और साइबर ठगी के खिलाफ ग्रामीणों को किया सतर्क ll

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में हिसार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान एवं साइबर अपराध जागरूकता अभियान के तहत आज थाना अग्रोहा पुलिस द्वारा गांव अग्रोहा में एक व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना तथा आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर थाना अग्रोहा प्रभारी निरीक्षक ईश्वर सिंह ने गांव के युवाओं, बुजुर्गों एवं गणमान्य नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद, रोजगार एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। साथ ही ग्रामीणों से अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों की तस्करी अथवा बिक्री में संलिप्त हो तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को नशे के शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस के साथ मिलकर कार्य करने का संकल्प दिलाया गया।
इसके साथ-साथ बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर ठग स्वयं को बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, सरकारी कर्मचारी या किसी प्रतिष्ठित संस्था का प्रतिनिधि बताकर लोगों को झांसे में लेते हैं। इसलिए किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाता संख्या, एटीएम/डेबिट कार्ड विवरण, सीवीवी, यूपीआई पिन या अन्य गोपनीय जानकारी किसी भी परिस्थिति में साझा न करें।@newstodayhry #newstodayhry
ग्रामीणों को संदिग्ध कॉल, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया संदेश एवं ऑनलाइन निवेश या लॉटरी के नाम पर किए जाने वाले झांसों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। साथ ही बताया गया कि यदि किसी के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो वह बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा निकटतम साइबर थाना/पुलिस थाना में संपर्क करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर आर्थिक नुकसान को रोका जा सके।
पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि हिसार पुलिस केवल अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार जनजागरूकता अभियान भी चला रही है। नशा मुक्त समाज और साइबर सुरक्षित नागरिक ही एक सुरक्षित एवं सशक्त समाज की नींव हैं। हिसार पुलिस आमजन के सहयोग से इन दोनों चुनौतियों का प्रभावी ढंग से मुकाबला करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि नशा मुक्त हिसार और साइबर सुरक्षित हिसार के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि, नशा तस्करी या साइबर अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें।@newstodayhry #newstodayhry




