पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने साप्ताहिक परेड का किया निरीक्षण, अनुशासन, जनसेवा एवं सुरक्षित ड्राइविंग पर दिया विशेष जोर।।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने साप्ताहिक परेड का किया निरीक्षण, अनुशासन, जनसेवा एवं सुरक्षित ड्राइविंग पर दिया विशेष जोर।।

हिसार-( अमित कुमार ):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस ने आज पुलिस लाइन, हिसार में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी लेकर परेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की वर्दी, अनुशासन, टर्नआउट तथा कार्यकुशलता का अवलोकन किया और उन्हें अधिक समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से राइडर, ईआरवी (Emergency Response Vehicle) एवं पीसीआर पर तैनात पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि आमजन की सुरक्षा एवं त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान पूर्ण सतर्कता, अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक नागरिक को समय पर प्रभावी पुलिस सहायता मिल सके । परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं तथा उनके शीघ्र एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सरकारी वाहनों के सुरक्षित संचालन को लेकर विशेष निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कोई भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी किसी भी परिस्थिति में सरकारी वाहन निर्धारित गति सीमा से अधिक (ओवर स्पीड) नहीं चलाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस स्वयं कानून का पालन करने वाली संस्था है, इसलिए प्रत्येक पुलिसकर्मी का दायित्व है कि वह यातायात नियमों का पूर्ण पालन करते हुए समाज के सामने अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करे। श्री सिद्धांत जैन ने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों को छोड़कर किसी भी सरकारी वाहन को लापरवाही अथवा ओवर स्पीड में चलाना बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं होगा। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी इस संबंध में लापरवाही बरतता पाया गया तो उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि हिसार पुलिस का उद्देश्य केवल कानून लागू कराना ही नहीं, बल्कि स्वयं कानून का पालन कर समाज में जिम्मेदार एवं अनुशासित पुलिस व्यवस्था की मिसाल कायम करना भी है। अनुशासन, जवाबदेही, जनसेवा और सुरक्षित कार्यशैली ही एक बेहतर पुलिस व्यवस्था की पहचान है तथा प्रत्येक पुलिसकर्मी को इन मूल्यों का पालन करना अनिवार्य है। पुलिस अधीक्षक ने अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा आमजन के विश्वास को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर उत्कृष्ट कार्य करते रहें।। #Newstodayhry @Newstodayhry



